Mahakumbh की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे प्रधानमंत्री, 13 जनवरी से आयोजित होगा समागम
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Prayagraj News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (13 दिसंबर) को तीर्थराज प्रयागराज की पावन धरा पर पहुंचें. इस दौरान उन्होंने त्रिवेणी संगम में पूजा अर्चना कर 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होने वाले महाकुंभ के सफल आयोजन की कामना की. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा, यमुना और सरस्वती की त्रिवेणी की आरती कर वैश्विक कल्याण का भी संकल्प लिया. तीर्थ पुरोहितों के जरिये वैदिक मंत्रों के बीच पूरा कार्यक्रम संपन्न कराया गया. पीएम मोदी ने त्रिवेणी में अक्षत, चंदन,रोली, पुष्प और वस्त्र भी अर्पित किए. इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने प्रमुख साधु संतों का आशीर्वाद भी लिया. इसी अवसर पर प्रयागराज में हुए विकास योजना के कामों का लोकार्पण भी किया.
श्रद्धालुओं को हर सुविधा देने का लिया संकल्प
प्रयागराज आने से पहले पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “आस्था के महाकुंभ को दिव्य-भव्य बनाने के साथ ही श्रद्धालुओं को हर सुविधा देने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं. इसी कड़ी में आज प्रयागराज में दर्शन-पूजन के बाद महाकुंभ से जुड़े विकास कार्यों का जायजा लूंगा. इस दौरान कई प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण का भी सौभाग्य मिलेगा.”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी की इस पोस्ट को टैग कर प्रतिक्रिया दी है.उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर लिखा, “महाकुम्भ भारत की समेकित आस्था, सर्वसमावेशी संस्कृति और अटूट एकता की जीवंत अभिव्यक्ति है. नि:संदेह, महाकुम्भ-2025, प्रयागराज के पावन अवसर पर मिल रही इन सौगातों से आपके मार्गदर्शन में जारी प्रदेश की विकास एवं समृद्धि की यात्रा को और गति प्राप्त होगी. आपके यशस्वी नेतृत्व में स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और डिजिटल महाकुम्भ-2025 के भव्य-दिव्य आयोजन हेतु हम संकल्पित हैं.”


