सोने और चांदी की खरीदारी के लिए आज का दिन बेहद बंपर खरीदारी वाला रहा है क्योंकि सोना करीब 1500 रुपये सस्ता हुआ और चांदी में 4200 रुपये की गिरावट देखी गई है.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Gold Silver Rate: ज्वैलर्स और स्टॉकिस्ट्स की भारी बिकवाली की वजह से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना 1400 रुपये टूटकर 80,000 रुपये से नीचे आ गया. इसके अलावा चांदी में 4200 रुपये की गिरावट दर्ज की गई. अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी. कारोबारियों ने कहा कि इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर रुख से सर्राफा कीमतों पर भारी दबाव रहा.
चांदी में दिसंबर महीने की सबसे बड़ी गिरावट
99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 1400 रुपये गिरकर 79,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रही. पिछले सत्र में यह 80,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी. चांदी 4,200 रुपये गिरकर 92,800 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई. यह दिसंबर महीने में सबसे बड़ी गिरावट है. पिछले कारोबारी सत्र बृहस्पतिवार को चांदी 97,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव भी 1400 रुपये घटकर 79,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि पिछले दिन इसका भाव 80,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था.

