ह्यूमन मेटानिमोवायरस (hMPV) को लेकर तेलंगाना सरकार ने कहा कि फिलहाल इस मामले का एक भी केस दर्ज नहीं हुआ है और एहतियात बरती जा रही है.
By : डीबी न्यूज अपडेट| Edited By: प्रिंस अवस्थी
Guidelines For hMPV: चीन में तेजी से फैले ह्यूमन मेटानिमोवायरस (hMPV) ने ये डर और बैठा दिया है कि कहीं ये कोरोना वायरस जैसी महामारी का रूप न ले ले. इसको लेकर भारत में भी पैनी नजर रखी जा रही है. ताजा घटनाक्रम में तेलंगाना सरकार ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं. हालांकि राज्य में अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है.
तेलंगाना राज्य स्स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि चीन से आ रही Human Metapneumovirus (hMPV) की खबरों को लेकर राज्य में सतर्कता से नजर रखी जा रही है और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ मिलकर स्थिति की निगरानी कर रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और सावधानियों का पालन करें.
सावधानी बरतने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से श्वसन संक्रमण से बचाव के लिए निम्नलिखित सावधानियां बरतने का आग्रह किया है और दिशा निर्देश जारी किए हैं-
क्या करें (Do’s):
- खांसते या छीकते समय मुंह और नाक को रूमाल या टिश्यू से ढकें.
- अपने हाथों को साबुन और पानी से बार-बार धोएं या अल्कोहल-आधारित सैनिटाइज़र का उपयोग करें.
- भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और फ्लू से प्रभावित लोगों से दूरी बनाए रखें.
- बुखार, खांसी या छींक आने पर सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचें.
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और पौष्टिक भोजन करें.
- सभी स्थानों पर पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करें.
- बीमार होने पर घर पर रहें और दूसरों के संपर्क को सीमित करें.
- पर्याप्त नींद लें.
क्या न करें (Don’ts):
- हाथ मिलाने से बचें.
- टिश्यू पेपर या रूमाल का बार-बार इस्तेमाल न करें.
- बीमार लोगों के संपर्क में न आएं.
- अपनी आंखों, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें.
- सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचें.
- डॉक्टर की सलाह के बिना दवाएं न लें.

