ग्रेटर नोएडा स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आज रविवार (12 जनवरी) को भीषण आग लग गई है, दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग लगने के दौरान केमिकल फैक्ट्री में धमाके हो रहे हैं. घटना के बाद आसमान में काले बादल छा गए हैं, और आसपास रिहाईसी इलाक़े के लोगों को सांस लेने में दिक़्क़त का सामना करना पड़ रहा है. आग लगने के दौरान कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई है.
शॉर्ट सर्किट होना बताई जा रही वजह
आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होनी बताई जा रही है. हालांकि इस घटना में अभी कोई जनहानि की जानकारी नहीं है. बादलपुर पुलिस ने जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर 25 गायों को बाहर निकाल लिया है. आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में जुटी हुई हैं. पूरी घटना बादलपुर थाना क्षेत्र के दुजाना रोड की बताई जा रही है. इस समय मौके पर लगभग 32 अग्निशमन वाहनों की मदद से आग को बुझाया जा रहा है.

