युवाओं को लालच में फंसा रहे जालसाज, पढ़े-लिखे युवाओं से पैसे की बारिश होने का दावा कर रहे, दोस्त ने दोस्त का गला घोटा. दिल्ली में भी एक मामला सामने आया.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: एमपी-जबलपुर-मंडला: मंडला जिले में काले जादू से ‘धन वर्षा’ की उम्मीद में 24 वर्षीय एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने एक तांत्रिक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। तांत्रिक पर आरोप है कि उसने कुछ युवकों को अमीर बनाने को तंत्र करने के लिए फांसी लगी रस्सी मंगाई थी।
क्या है पूरा मामला जानें
मंडला के महाराजपुर थाना क्षेत्र के नेवरगांव में नदी में एक शव मिला। पुलिस ने 15 जून को मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान कोरगांव गांव निवासी राहुल भंवरे के रूप में हुई। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान 23 वर्षीय प्रमोद यादव उर्फ दादी के रूप में हुई। जब पूछताछ की गई, तो यादव ने पुलिस को अन्य साथियों के नाम बता दिए। इन नामों में निशांत कछवाहा, 22, प्रशांत कछवाहा, 21 और नितेश कछवाहा 21, के नाम शामिल थे। य सभी रामबाग गांव के निवासी हैं।
मामला खुला तो पुलिस भी भौंचक्की रह गई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह एक स्वयं-सिद्ध तांत्रिक दिलीप नामदेव, 40, से मिले थे। तांत्रिक ने उन्हें बताया कि अगर उन्हें वह रस्सी मिल जाए, जिसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति को मारने के लिए किया गया हो, तो उन पर ‘पैसे की बारिश’ हो सकती है।
पुलिस ने बताया कि तांत्रिक की सलाह सुनकर चारों ने एक रस्सी लाने और उससे एक व्यक्ति का गला घोंटने की योजना बनाई। 12 जून को प्रमोद यादव अपने गांव में रहने वाले राहुल को शराब पीने के बहाने ले गया और रात में अपने साथियों को भी ले आया। जब राहुल नशे में था तो आरोपियों ने रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और सिर कुचल दिया। बाद में वे शव को एक ऑटोरिक्शा में ले गए और नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि 13 जून को उन्होंने तांत्रिक दिलीप नामदेव को काला जादू करने के लिए बुलाया। पांचों को गिरफ्तार कर 20 जून को कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।
दिल्ली में भी तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने और फिर उनकी हत्या करने का आरोप
दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक गाड़ी में तीन शव मिलने की गुत्थी सुलझाते हुए दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर को पकड़ा है, जो दशकों से बाबा के चोले में मौत का व्यापार कर रहा था. पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी स्थित बाबा कमाल खां की मजार से अपना काला कारोबार चलाने वाले बाबा कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया है. उस पर तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने और फिर उनकी हत्या करने का आरोप है.
कमरुद्दीन की हरकतें तब सामने आईं, जब हाल ही में पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक कार में शिव नरेश, रणधीर और लक्ष्मी के शव मिले थे. शुरुआत में इसे आत्महत्या का मामला माना गया लेकिन जांच में पता चला कि कमरुद्दीन ने इन्हें पैसों की बारिश का लालच देकर फंसाया था.
जांच में सामने आया कि तीनों कमरूद्दीन को बीते 3 महीने से जानते थे. जिस दिन घटना हुई उस दिन कमरुद्दीन ने उनसे 2 लाख रुपये नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा था. लोनी से पीरागढ़ी की यात्रा के दौरान कमरुद्दीन ने उन्हें शराब और कोल्ड ड्रिंक पिलाई और साथ ही जहर मिले लड्डू खिला दिए. जैसे ही तीनों बेहोश हुए, बाबा नकदी लेकर फरार हो गया. पुलिस को इस मामले में पुख्ता तकनीकी साक्ष्य मिले हैं.
मजार से चलता था तंत्र-मंत्र का खेल
लोनी स्थित बाबा कमाल खां की मजार, जहां से कमरुद्दीन यह सब संचालित करता था, वहां अब बर्तन, पतीले और सिलेंडर जैसे सामान पड़े हैं. आसपास के लोगों का कहना है कि यहां लोग छोटे बच्चों की नजर उतरवाने आते थे. वहीं कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि ये तो नकली मजार चल रही थी.

