Arvind Kejriwal Health Condition: दिल्ली CM की हेल्थ रिपोर्ट पर संजय सिंह का बड़ा बयान : तिहाड़ जेल सुपरिटेंडेंट के मुताबिक 1 अप्रैल 2024 को जब अरविंद केजरीवाल पहली बार तिहाड़ जेल आए थे तो उनका वजन 65 किलोग्राम था. फिलहाल उनका वजन 61.5 किलोग्राम है.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: Supriya
Arvind Kejriwal Health News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तिहाड़ जेल प्रशासन की मेडिकल रिपोर्ट पर आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया आई है. आप सांसद संजय सिंह ने कहा है कि तिहाड़ जेल ने माना कई बार शुगर लेवल कम हुआ. शुगर लेवल कम होने पर नींद में कोमा में जा सकते हैं अरविंद केजरीवाल. शुगर लेवल कम होने पर ब्रेन स्ट्रोक का भी खतरा है. तिहाड़ जेल की रिपोर्ट के मुताबिक भी वजन कम हुआ है.
इससे पहले सीएम केजरीवाल के वजन को लेकर आप नेताओं और दिल्ली सरकार के मंत्रियों के दावे पर सवाल उठे. आप सरकार के मंत्री, सांसद और अन्य लोग लगातार अरविंद केजरीवाल के 8.5 किलोग्राम वजन कम होने का दावा कर रहे हैं. इसके बाद अरविंद केजरीवाल के वजन को लेकर चल रहे दावे पर तिहाड़ जेल के सुपरिटेंडेंट ने दिल्ली सरकार के गृह विभाग को पत्र लिखा है.
घटता गया केजरीवाल का वजन
जेल सुपरिटेंडेंट के मुताबिक 1 अप्रैल 2024 को जब अरविंद केजरीवाल पहली बार तिहाड़ जेल आए थे तो उनका वजन 65 किलोग्राम था. 10 मई को जब अरविंद केजरीवाल तिहाड़ से निकलें तो उनका वजन 64 किलोग्राम था. 2 जून को जब जेल में सरेंडर किया तो उनका वजन 63.5 किलोग्राम था. फिलहाल उनका वजन 61.5 (14जुलाई) किलोग्राम है.
वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों की देख-रेख में चैकअप
जेल सुपरिटेंडेंट ने यह भी जानकारी दी है कि कम खाना खाने या कम कैलरी इनटेक के चलते भी वजन में गिरावट हो सकती है. अरविंद केजरीवाल का रोजाना वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों की देख-रेख में चैकअप होता है. साथ ही कोर्ट के आदेशानुसार मेडिकल बोर्ड से परामर्श के समय उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद रहती हैं.
पत्र में लिखा गया है कि दिल्ली सरकार के कुछ मंत्रियों, एक मौजूदा सांसद और आम आदमी पार्टी के अन्य विधायकों की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से निराधार आरोप लगाए गए हैं. ये जेल प्रशासन को डराने के इरादे से झूठी जानकारी और जनता को भ्रमित करने की कोशिश है.
सरकार जता चुकी है चिंता
दिल्ली सरकार की मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशी ने सोमवार को कहा कि तिहाड़ जेल के डॉक्टर की रिपोर्ट के अनुसार अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल लगातार नीचे गिर रहा है और उनका वजन भी कम होता जा रहा है. शुगर लेवल के खतरनाक स्तर तक गिरने से मात्र 20 से 30 मिनट के अंदर कोई व्यक्ति कोमा में जा सकता है, उसे ब्रेन स्ट्रोक-ब्रेन हेमरेज हो सकता है और उसकी मौत हो सकती है.
उन्होंने कहा कि जेल में सोते समय पांच बार अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल खतरनाक स्तर तक गिरकर 50 तक पहुंचा है, ऐसी स्थिति में सीएम अरविंद केजरीवाल की जान काे खतरा है. अगर इसी तरह अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल गिरता रहा, तो वो कोमा में जा सकते है. उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हो सकता है और उनका ब्रेन परमानेंट डैमेज हो सकता है.
राजनीतिक नायक के रूप में देखता है देश
उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों के बेटे, उनके भाई अरविंद केजरीवाल को पूरा देश एक राजनीतिक नायक के रूप में देखता है. लेकिन, आज उनकी जान को भाजपा ने खतरे में डाल दिया है. भाजपा इस कदर गिर गई कि सोमवार सुबह तिहाड़ प्रशासन से कुछ डॉक्यूमेंट्स लेकर मीडिया में रिलीज कर दिए कि अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य में कोई समस्या नहीं है. लेकिन, कितना भी झूठ बोला जाए, अंत में जीत हमेशा सच्चाई की होती है.
उन्होंने बताया कि तिहाड़ जेल के मेडिकल ऑफिसर की रिपोर्ट ने साफ किया कि जेल में अरविंद केजरीवाल की जान से खिलवाड़ हो रहा है. भाजपा देश की जनता से नहीं डरती, तो भगवान से डरे और अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं करें.
केजरीवाल के जान को खतरा
आतिशी ने कहा कि सभी की पता है कि अरविंद केजरीवाल को गंभीर डायबिटीज है और लो शुगर लेवल होने से उनकी जान को खतरा हो सकता है. भाजपा को पता होना चाहिए कि कितना भी झूठ बोला जाये, लेकिन अंत में जीत हमेशा सच्चाई की होती है. भाजपा ने जो डॉक्यूमेंट्स मीडिया में रिलीज किए हैं, उन्हीं में तिहाड़ जेल के मेडिकल ऑफिसर की रिपोर्ट है. ये रिपोर्ट साफ-साफ दिखा देती है कि अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य के साथ क्या खिलवाड़ हो रहा है.
Source : PTI
