बीजेपी कार्यसमिति की बैठक की समीक्षा बैठक में नसीहत : फिर वापिस आने का दिया मंत्र
Source : MEDIA
Written By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
UP. लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को हुए नुकसान के बाद ये बीजेपी कार्यसमिति की पहली बैठक थी. बैठक में CM योगी (Yogi Adityanath) ने कहा, ‘सभी के सहयोग से हमारी सरकार ने सूबे को माफियाओं से मुक्त किया है और आज सुरक्षा का माहौल है. पहले मोहर्रम में ताजिया के नाम पर घरों को तोड़ा जाता था, लेकिन अब किसी भी तरह की मनमानी नहीं चलती है.’
BJP Working Committee Meeting: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने रविवार (14 जुलाई 2024) को लखनऊ में यूपी बीजेपी कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा, ‘यूपी लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को हताश होने की जरूरत नहीं है और वो बैकफुट पर न आएं, क्योंकि सभी ने बखूबी अपनी जिम्मेदारी को निभाया है. कभी-कभी आत्मविश्वास का खामियाजा भी भुगतना पड़ता है.’
डकैतों से मुक्त कर दूंगा- योगी
योगी आदित्यनाथ ने संबोधन के दौरान कहा, एक बार बुंदेलखंड के चित्रकूट (Chitrakoot) गया तो वहां के अधिकारियों से पूछा कि चित्रकूट में अच्छे होटल और धर्मशाला क्यों नहीं बन रहे तो बताया गया कि अगर कोई यहां निवेश करेगा तो उसका अपहरण कर लिया जाएगा. मैंने साफ कह दिया कि अगली बार यहां तब आऊंगा, जब इस जगह को डकैतों से मुक्त कर दूंगा. आज न सिर्फ चित्रकूट बल्कि पूरा बुंदेलखंड गुंडों और माफियाओं से मुक्त हो चुका है.’
‘ये तो पहले ही हो जाना चाहिए था’
CM योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान विपक्षी दलों पर भी जमकर निशाना साधा. वो बोले, UP को गुंडों और माफियाओं से मुक्त कराने का काम तो पहले ही हो जाना चाहिए था. देश 1947 में आजाद हुआ, लेकिन तब से कोई भी सख्त कदम नहीं उठाया गया था.
अति आत्मविश्वास ने हमारी अपेक्षाओं को चोट पहुंचाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमने यूपी में 2014, 2017, 2019 और 2022 में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए विपक्ष पर लगातार दबाव बनाए रखा था। 2014 और उसके बाद के चुनावों में जितना मत प्रतिशत भाजपा के पक्ष में था, 2024 में भी भाजपा उतना वोट पाने में सफल रही है, लेकिन वोटों की शिफ्टिंग और अति आत्मविश्वास ने हमारी अपेक्षाओं को चोट पहुंचाई है। जो विपक्ष पहले हार मान के बैठ गया था, वो आज फिर से उछल-कूद मचा रहा है.
बैकफुट पर आने की आवश्यकता नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 में विपक्ष चुनाव के बाद मारपीट पर उतारू हो गया था। तब हमारे सभी कार्यकर्ताओं को ये लगा कि वास्तव में हमारी सरकार का माफिया मुक्त यूपी का विहान इन्हीं गुंडों के लिए है। आज आपके सहयोग से हमें यूपी को माफिया मुक्त करने में सफलता मिली है। इसके अलावा अयोध्या में श्रीरामलला अपने मंदिर में विराजमान हुए तो 500 वर्षों का इंतजार भी समाप्त हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को किसी भी स्थिति में बैकफुट पर आने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आपने कार्य किया है। जब आप विपक्ष में थे तब जनता के मुद्दों को लेकर लड़ते थे, जब सरकार में हैं तो यूपी में सुरक्षा का वातावरण देखने को मिल रहा है.
आज मोहर्रम हो रहा है ये पता भी नहीं चलता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी मोहर्रम में सड़कें सूनी हो जाती थीं। आज मोहर्रम हो रहा है ये पता भी नहीं चलता। ताजिया के नाम पर घर तोड़े जाते थे, पीपल के पेड़ काटे जाते थे, सड़कों के तार हटाए जाते थे। आज कहा जाता है कि गरीब की झोपड़ी नहीं तोड़ेंगे, तार नहीं तोड़ेंगे। हमारा स्पष्ट तौर पर निर्देश है कि पर्व और त्योहार मनाना है तो नियमों के अंतर्गत मनाओ, वरना घर में बैठ जाओ।
भाजपा ने पूरे देश में विधि और सुशासन की सरकार चला के दिखाया है। हम जाति, मत, मजहब के नाम पर भेदभाव नहीं करते। 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन किसी की जाति, धर्म देखकर नहीं मिल रहा। कोरोना काल में भी भूख से मौत और आत्महत्या नहीं होने दिया गया। जिस कोरोना के सामने दुनिया की बड़ी-बड़ी ताकतें नतमस्तक हो गईं, उसे पीएम मोदी के नेतृत्व में समाप्त करने का कार्य हम सबने मिलकर किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बुंदेलखंड को डकैत मुक्त बनाने का संकल्प लिया था जो कि पूरा हो चुका है। प्रदेश माफिया मुक्त हो चुका है। उन्होंने डा. लोहिया को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि जब तक भारत में राम, कृष्ण और शिव की पूजा होगी भारत को कोई समाप्त नहीं कर सकता। मगर इन समाजवादियों ने राम, कृष्ण और शिव की परंपरा को लहुलुहान किया था.
