दूरदराज इलाकों में बिना किसी रुकावट और नेटवर्क के कनेक्टिविटी लाएगी, जिससे इमरजेंसी कॉल्स, SOS मैसेज और UPI पेमेंट्स जैसी सेवाएं मिलेंगी.
By : DB News Update | Edited By: Prince Awasthy
Bharat Sanchar Nigam Limited (BSNL) ने भारत में पहली “Satellite-to-Device” सर्विस शुरू की है, जो देश के सबसे दूरदराज इलाकों में भी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. बुधवार को दूरसंचार विभाग (DoT) ने इसकी घोषणा की और बताया कि यह सर्विस अमेरिकी कंपनी Viasat के कॉलेबरेशन से शुरू की गई है. इस नई टेक्नोलॉजी का उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों में कनेक्टिविटी प्रदान करना है, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंचता.
बीएसएनएल ने किया कमाल
आपको बता दें कि भारत में ऐसे कई इलाके हैं, जहां लोग टेलीकॉम कनेक्शन का फायदा नहीं उठा पाते. ऐसा खासतौर पर पहाड़ी और जंगली इलाकों में ज्यादा होता है. लोगों की इस परेशानी को दूर करने के लिए बीएसएनएल ने भारत में पहली बार सैटेलाइट-टू-डिवाइस सर्विस की शुरुआत की है, जिसके जरिए लोग बिना फोन नेटवर्क के भी टेलीकॉम कनेक्टिविटी का इस्तेमाल कर पाएंगे.
इस सर्विस को सबसे पहले इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2024) में पेश किया गया था. इसे भारत में डिजिटल विभाजन को कम करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. BSNL के अनुसार, “Satellite-to-Device” सर्विस का परीक्षण पूरा हो चुका है, और यह विभिन्न प्रकार के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी स्टेबल कनेक्शन देने में सक्षम है.
आम नागरिक भी दूर-दराज इलाकों में जुड़ सकते हैं
DoT ने X (पहले ट्विटर) पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि, “BSNL का यह नया कदम भारत में सैटेलाइट कम्युनिकेशन को आम जनता के लिए आसान और सुलभ बनाएगा.” हाल ही में कुछ मोबाइल ब्रांड्स ने इमरजेंसी स्थिति में सैटेलाइट कनेक्टिविटी देने वाले फीचर्स लॉन्च किए थे, लेकिन वे सिर्फ आपातकालीन सर्विसओं (Emergency Services) के लिए सीमित हैं. BSNL की इस सर्विस से अब आम नागरिक भी दूर-दराज इलाकों में जुड़ सकते हैं.
UPI पेमेंट भी कर पाएंगे लोग
BSNL का यह सैटेलाइट नेटवर्क यूजर्स को इमरजेंसी कॉल्स, SOS मैसेज और यहां तक कि UPI पेमेंट्स में भी मदद करेगा. हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि क्या यह सुविधा सामान्य कॉल्स और SMS के लिए उपलब्ध होगी.

