INDIA Alliance ने दिल्ली में दिखाया दमखम, सियासी दंगल में कूदे कई बड़े नेता
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Vote Theft Protest: वोट चोरी को लेकर INDIA Alliance का दिल्ली संसद भवन के पास जबरदस्त प्रदर्शन किया और करीब 300 सांसदों ने विरोध करते हुए दमखम दिखाया. राहुल गाँधी प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे. उन्होंने करीब 300 विपक्षी सांसदों के साथ संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकालने की कोशिश की. लेकिन दिल्ली पुलिस ने मार्च की इजाजत नहीं दी और सांसदों को बैरिकेटिंग लगाकर रोकने की कोशिश की गई. लेकिन सांसद बेरीकेटिंग की परवाह किए बगैर आगे बढ़े तो उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैरिकेटिंग पर चढ़ गए. प्रियंका गाँधी भी प्रदर्शन में शामिल हुईं. हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गाँधी ने कहा, “ये जो लड़ाई है ये राजनैतिक नहीं है. कॉन्स्टिट्यूशन को बचाने की लड़ाई है वॅन मैन वॅन वोट की लड़ाई है.”
महिला सांसद हुई बेहोश
प्रदर्शन के दौरान टीएमसी की मिताली बाघ और कांग्रेस की संजना यादव बेहोश हो गईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया. बीजेपी नेताओं ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि जब चुनाव आयोग ने 30 सांसदों को मिलने का वक्त दिया था तो 300 सांसदों को ले जाने की क्या जरूरत थी. राहुल गाँधी ने जवाब में कहा कि चुनाव आयोग और बीजेपी नेताओं के दिल में डर बैठ गया है.
हिरासत में लिए गए सांसद
हिरासत में लिए गए सभी विपक्षी सांसदों को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां से कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया. वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ़ इंडिया गठबंधन के सांसद एकजुट होकर सरकार के खिलाफ़ खड़े हुए थे. इस प्रदर्शन में दोनों सदनों के सांसदों ने हिस्सा लिया.

