जबलपुर नगर निगम और अन्य नगरीय निकायों से भेजे गए फायर फाइटर, आग लगने से पूरा क्षेत्र स्तब्ध
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News Jabalpur : जबलपुर से करीब 30 किमी दूर शाहपुरा भिटोनी रेलवे स्टेशन के पास पेट्रोल से भरे दो रेल टैंकर में क़रीब 9.00 बजे आग लग गई. जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. पूरा क्षेत्र आग लगने से स्तब्ध रहा. टैंकर में लगी आग से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल रहा. लेकिन इसी बीच जिला प्रशासन मुस्तैदी के साथ आग बुझाने में जुट गया और जबलपुर नगर निगम सहित अन्य नगरीय निकायों से फायर फाइटर बुलवाए गए और आग पर काबू पा लिया गया. गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई.
बीपीसीएल के डिपो से निकले थे टैंकर
बताया जा रहा है कि बीपीसीएल (BPCL) शहपुरा-भिटौनी पेट्रोलियम डिपो से रेल टैंकर पेट्रोल भरकर निकले ही थे. इसी दौरान पेट्रोल टैंकरों में आग लग गई. जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया. हलांकि जिला प्रशासन, नगर निगम और अन्य नगरीय निकायों के फायर फाइटरों ने अपनी सूझबूझ से आग बुझाने में कामयाब हो गए और एक बड़ा हादसा टल गया.
जबलपुर आने-जाने वाली ट्रेनें रहीं प्रभावित
रेल टैंकर बीपीसीएल के शाहपुरा बिटोनी पेट्रोलियम डिपो से पैट्रोल भरकर निकले ही थे और आग लगने की सूचना पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारियों तक पहुंच गई, जिसके बाद से जबलपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को रोक दिया गया. जिन ट्रेनों का इटारसी को ओर से आगमन होना था, उन्हें उसी क्षेत्र में रोकने के निर्देश दे दिए गए और जो जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन से गुजरनी थीं, उनका स्टॉपेज जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन व उसके पहले पड़ने वाले रेलवे स्टेशन पर कराया गया.
ऐसे हुई घटना
सूत्रों के अनुसार, बीपीसीएल (BPCL) के शाहपुरा-भिटोनी पेट्रोलियम डिपो से पेट्रोल और डीजल भरकर निकले टैंकर रेलवे ट्रैक पर खड़े थे, तभी अचानक उनमें आग लग गई. देखते ही देखते आग ने दो रेक को अपनी चपेट में ले लिया. ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के चलते विस्फोट की आशंका को देखते हुए आसपास के इलाकों को खाली कराया गया.
कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया
रेलवे प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नर्मदा एक्सप्रेस को अधारताल, काशी एक्सप्रेस, अमरकंटक, पुणा-जसीडीह सहित कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया. वहीं, विंध्याचल एक्सप्रेस को बेलखेड़ा और रत्नागिरी एक्सप्रेस को विक्रमपुर स्टेशन पर खड़ा किया गया.
नगर निगम सहित कई निकायों से अग्निशमन दल रवाना
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव के निर्देश पर जबलपुर नगर निगम सहित अन्य नगरीय निकायों से अग्निशमन दल मौके पर रवाना किए गए. दमकल विभाग की मुस्तैदी और तत्कालिक कार्रवाई के चलते आग पर कुछ ही घंटों में काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस बड़ी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
कलेक्टर का बयान जारी
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि आग अब पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है और स्थिति सामान्य हो रही है. प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पेट्रोलियम रेक के संचालन में सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया है. गनीमत रही कि समय पर कार्रवाई हो जाने से एक बड़ी त्रासदी टल गई.
सोशल मीडिया में कलेक्टर को सख्ती बरतने की मिली सलाह
अग्नि दुर्घटना को लेकर कलेक्टर के सोशल मीडिया एकाउंट में तरह-तरह कमेंट यूजर्स ने किए हैं. किसी ने कलेक्टर को सख्ती बरतने का सलाह देता हुआ दिखाई पड़ रहा है तो किसी ने पेट्रोल चोरी की घटनाओं को उजागर करने की अपील कर रहा है. यहां बताना जरूरी है कि टैंकरों से बड़े पैमाने पर पेट्रोल चोरी हो रहा है, जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो चुके हैं.
लापरवाही पर लगाम नहीं लगी तो सकता है बड़ा हादसा
जिस प्रकार से टैंकर में आग लगने की घटना सामने आई है, उसे देखते हुए लापरवाही पर यदि लगाम नहीं लगी तो बड़ी दुर्घटना से कोई नहीं बचा सकता है. क्योंकि शहपुरा के आसपास टैंकर चालक से लेकर क्षेत्रीय लोग बड़ी लापरवाही बरत रहे हैं. पेट्रोल चोरी के घटनाक्रम को सार्वजनिक रूप से विरोध नहीं कर रहे हैं.
