भारत में अमेरिका के होने वाले राजदूत सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भेजा गया तोहफा दिया.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
PM Modi-Gor Meeting: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘एक महान और खास दोस्त’ मानते हैं. यह बात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सर्जियो गोर ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के वक्त कही. बतादें कि भारत में अमेरिका के भावी राजदूत सर्जियो गोर ने शनिवार (11 अक्टूबर, 2025) को मुलाकात हुई थी. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस में उनकी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक फ्रेमयुक्त तस्वीर भी भेंट की, जो पीएम मोदी के अमेरिकी दौरे के दौरान ली गई थी, इस पर ट्रंप का संदेश और हस्ताक्षर थे. ट्रंप ने तस्वीर पर साफ तौर पर लिखा था कि प्रधानमंत्री महोदय, आप महान हैं. सर्जियो गोर प्रबंधन और संसाधन उप सचिव माइकल जे. रिगास के साथ छह दिवसीय यात्रा पर भारत में हैं, जहां वे वरिष्ठ भारतीय पदाधिकारियों से मिलेंगे.
पीएम मोदी ने एक्स पर साझा की तस्वीर
अमेरिका के भावी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है. पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि भारत में अमेरिका के भावी राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर खुशी हुई. मुझे भरोसा है कि गोर का कार्यकाल भारत और अमेरिका के व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा.’
पीएम मोदी की मुलाकात को बताया ‘अद्भुत’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी राजदूत नामित सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात को अद्भुत बताया है. पीएम मोदी से मुलाकात के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए गोर ने कहा, ‘पीएम मोदी से मेरी मुलाकात अद्भुत रही. हमने रक्षा, व्यापार और तकनीक समेत कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की. इसके अलावा, हमने महत्वपूर्ण खनिजों के महत्व पर भी गंभीर चर्चा की.’
उन्होंने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक महान और करीबी दोस्त मानते हैं. मेरे नई दिल्ली के लिए रवाना होने से ठीक पहले दोनों नेताओं ने एक अनोखा फोन कॉल किया और यह कुछ ऐसे है जो आने वाले कई हफ्तों और महीनों तक जारी रहेगा.’
गोर और जयशंकर के बीच हुई बातचीत
इससे पहले, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी सर्जियो गोर से दिल्ली में मुलाकात की. जयशंकर ने कहा, ‘आज नई दिल्ली में अमेरिकी राजदूत-नियुक्त सर्जियो गोर से मिलकर खुशी हुई. हमने भारत-अमेरिका रिश्तों और इसके वैश्विक महत्व पर बात की.’ यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव देखा जा रहा है. अमेरिका ने हाल ही में भारतीय निर्यात पर 50 फीसदी टैरिफ लगा दिया, जिसमें भारत के रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है. भारत ने इस कदम को ‘अनुचित, अन्यायपूर्ण और अव्यवहारिक’ बताया है.
ट्रंप के भरोसे पर गोर ने शुक्रिया कहा
सर्जियो गोर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा,’मैं राष्ट्रपति ट्रंप का तहेदिल से शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझ पर इतना भरोसा और यकीन दिखाया. मुझे भारत में अमेरिका का अगला राजदूत और दक्षिण व मध्य एशियाई मामलों का विशेष दूत नियुक्त किया जाना मेरे लिए गर्व की बात है.’ हालांकि भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर तनाव है, लेकिन पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हाल की फोन पर बातचीत ने व्यापार समझौते की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. दोनों देशों ने कुछ हफ्तों के ठहराव के बाद व्यापार समझौते पर बातचीत फिर से शुरू की है. गोर डिप्टी सेक्रेटरी फॉर मैनेजमेंट एंड रिसोर्सेज माइकल जे रिगास के साथ 6 दिन की यात्रा पर दिल्ली आए हैं.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को फिनिश लाइन तक पहुंचाना लक्ष्य
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर चल रही बातचीत पर बोलते हुए, गोर ने माना कि यह एक मुश्किल काम है. लेकिन वह इसे फिनिश लाइन तक पहुंचाने के लिए दृढ़ निश्चयी हैं. उन्होंने कहा, “आप में से कई लोगों ने मुझसे चल रही ट्रेड डील की बातचीत पर अपडेट मांगा है. दोनों पक्ष लगातार सक्रिय रूप से बातचीत कर रहे हैं. असल में, ट्रेड पर अगली बातचीत कल होगी. भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है. इसलिए इसे फिनिश लाइन तक पहुंचाना आसान काम नहीं है, लेकिन हम वहां पहुंचने के लिए पक्के इरादे वाले हैं और हालांकि ट्रेड हमारे रिश्ते के लिए बहुत जरूरी है, हम सुरक्षा, काउंटर-टेररिज्म, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे दूसरे बहुत जरूरी क्षेत्रों में भी मिलकर काम करते रहेंगे.”
