मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोलकाता में बंगाली उद्योगपतियों से मुलाकात कर मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों पर प्रकाश डाला.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Invest In MP News: मध्य प्रदेश में हर तरह के व्यवसाय के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं. ‘मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोलकाता में निवेशकों से अहम चर्चा की. इस अवसर पर इंटरैक्टिव सेशन को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों से कहा कि एमपी में निवेश करें, आपके व्यापार-निवेश की चिंता सरकार करेगी. कार्यक्रम को कई उद्योगपतियों ने भी संबोधित किया. उन्होंने मध्य प्रदेश में निवेश करने की इच्छा भी जताई.
बतादें कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 सितंबर को बंगाल के निवेशकों-उद्योगपतियों से चर्चा की और बताया कि मध्य प्रदेश में उनके लिए अपार संभावनाएं हैं. वे चाहें तो बंगाल में बैठे-बैठे मध्य प्रदेश में व्यापार और निवेश कर सकते हैं.
‘आधुनिक समय में कोलकाता की है महत्वपूर्ण भूमिका’
कार्यक्रम में कहा कि आधुनिक समय में कोलकाता की महत्वपूर्ण भूमिका है. स्वामी विवेकानंद ने लगभग 200 साल पहले बंगाल की माटी से कल्पना कर ली थी कि 21वीं सदी भारत की होगी. यहां से नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने ब्रिटिश शासन के दौर में सबसे कठिन परीक्षा पास कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया है.
शांति का टापू है मध्य प्रदेश
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि बंगाल के लोग हवा का रुख पहचानकर निवेश करते हैं. मध्य प्रदेश शांति का टापू है. यहां कोई हड़ताल नहीं होती. आप मध्य प्रदेश में फैक्ट्री लगाएं, यहीं से बैठकर फैक्ट्री चलती रहेगी. प्रदेश मध्य में है तो सभी दिशाओं में कनेक्टिविटी बेहतर है. मध्य प्रदेश हर सेक्टर में आगे बढ़ रहा है. बंगाल होजरी का बगीचा है. मध्य प्रदेश के धार में पीएम मित्र पार्क का प्रधानमंत्री मोदी शिलान्यास करने वाले हैं. प्रदेश में श्रेष्ठ गुणवत्ता का ऑर्गेनिक कॉटन उगाया जाता है.
एमपी में इन प्रस्तावों के साथ किया वादा
- राज्य में एक लाख एकड़ से अधिक का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, मजबूत एयर कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना उपलब्ध है.
- मध्यप्रदेश कॉपर, मैंगनीज और डायमंड का सबसे बड़ा उत्पादक है और सीमेंट उत्पादन में भी अग्रणी है.
- 2030 तक भारत को 500 गीगावाट से अधिक ग्रीन एनर्जी उपलब्ध कराने के संकल्प में प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
- नर्मदापुरम के पास स्थापित औद्योगिक क्षेत्र की सफलता के बाद उसे 880 एकड़ तक विस्तारित किया गया है, जिसे हाल ही में कैबिनेट की स्वीकृति भी मिली है.
- राज्य सरकार ग्रीन इंडस्ट्रीज़ को 100% छूट, एक्सपोर्ट यूनिट्स को 50% प्रोत्साहन और कस्टमाइज्ड पैकेज पॉलिसी जैसी विशेष सुविधाएं दे रही है.
- प्रदेश देश में सबसे सस्ती बिजली लगभग 4 रुपये 50 पैसे प्रति यूनिट उपलब्ध है.
- पानी, रॉ मटेरियल और सुरक्षित श्रम वातावरण निवेशकों को प्रतिस्पर्धी लाभ प्रदान करते हैं.
निवेशकों का हुआ संबोधन और वन-टू-वन चर्चा
श्याम मैटेलिक के सीएमडी-उपाध्यक्ष इंडियन चैम्बर ऑफ कॉमर्स बीवी अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश टेक्सटाइल, फॉर्म, माइनिंग, ग्रीन एनर्जी सेक्टर में तेज गति से आगे बढ़ रहा है. हमारी कंपनी भी माइनिंग सेक्टर में यहां कार्य कर रही है. टेक्नोलॉजी सेक्टर में प्रदेश 20 हजार करोड़ निवेश प्राप्त कर चुका है, जिससे 1 लाख से अधिक रोजगार सृजित होंगे. प्रदेश में उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है. हम मध्य प्रदेश में 4000 करोड़ का नया निवेश करेंगे.
प्रताप ग्रुप के डायरेक्टर हर्ष अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने उद्योगों के लिए वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्टर तैयार किया है. मध्य प्रदेश सिर्फ संभावनाओं का प्रदेश नहीं है, बल्कि यह टिकाऊ विकास का प्रदेश भी है. टैक्सटाइल सेक्टर में प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं. पवन रुइया, रुइया ग्रुप के सीएमडी पवन रुइया ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत के इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन में अहम भूमिका निभा रहा है. मध्य प्रदेश मेक इन इंडिया को पूरी क्षमता के साथ आगे लेकर जा रहा है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दूरदर्शी नेतृत्व में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और बिजनेस फ्रेंडली नीतियां लागू की गई हैं. रुइया ग्रुप मध्य प्रदेश में अपनी उपस्थिति को मजबूत करेगा. यह सिर्फ निवेश नहीं बल्कि देश की विकास यात्रा में नई साझेदारी होगी. रूपा एंड कंपनी के केवी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री काफी यंग हैं. प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर में अपार संभावनाएं हैं.
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आरपी संजीव गोयनका ग्रुप के वाइस चेयरमैन शाश्वत गोयनका, इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बृज भूषण अग्रवाल, अंबुजा न्यूटिया हेल्थकेयर वेंचर लिमिटेड के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर पार्थिव से वन-टू-वन चर्चा की.

