स्मार्ट सिटी जबलपुर ने घंटाघर के पास तैयार कराया है 100 करोड़ का नेताजी सुभाषचन्द्र बोस घंटाघर कन्वेंशन सेंटर, जिसमें होटल और थिएटर, जिम, स्पॉ जैसी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Hotel & Convention Center In Jabalpur: नेताजी सुभाषचन्द्र बोस घंटाघर कन्वेंशन सेंटर में वाहन पार्किंग की समस्या है. एक बड़ा ऑडिटोरियम बनाया गया है और 2 छोटे ऑडिटोरियम हैं, जिनमें करीब 1500 लोगों के बैठने की क्षमता है. इन ऑडिटोरियम में आने वाले लोगों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. इसके अलावा 42 कमरों का होटल बनाया गया है, यहां आने वालों के वाहनों की पार्किंग कहां कराई जाएगी, इसका चिन्हांकन नहीं किया गया. इस तीन मंजिला इमारत में गीता भवन, कॉफी हाउस, जिम आदि का संचालन किया जा रहा है. यहां आने वाले वाहनों की क्षमता कन्वेंशन सेंटर के किसी भी हिस्से में निर्धारित नहीं की गई है. इसके अलावा घंटाघर के पास टपरेनुमा बने मकान-दुकान 5 स्टार होटल के इर्द-गिर्द जमे हैं, यानी कन्वेंशन सेंटर की लोकेशन ठेका कंपनियों को रास नहीं आ रही है, यही वजह है कि इस ऊंची इमारत का टेंडर करीब 5 साल से फ्लाप हो रहा है, कोई भी एजेंसी इस होटल और ऑडिटोरियम के संचालन में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है.
2000 लोगों की क्षमता वाली इमारत में 200 वाहनों की पार्किंग
कन्वेंशन सेंटर की इमारत में करीब 2000 लोगों का आवागमन होगा, लेकिन पार्किंग के लिए महज 200 चार पहिया वाहन खड़े करने की व्यवस्था है। इस कारण यदि इन ऑडिटोरियम में कोई कार्यक्रम होता है और उसमें 200 से ज्यादा लोग चार पहिया वाहन से पहुंच गए तो उनकी कार कहां खड़ी होंगी और जिन लोगों के द्वारा घंटाघर रोड पर कार पार्किंग की जाएगी तो उनके वाहन की सुरक्षा कौन करेगा, ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब अधिकारियों के पास भी नहीं है.
100 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है निर्माण
स्मार्ट सिटी जबलपुर ने 100 करोड़ रुपए की लागत से घंटाघर के पास कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया है. इस ऊंची इमारत में 1000 लोगों के बैठने की क्षमता का एक ऑडिटोरियम और 200-300 बैठने की क्षमता के 2 अन्य ऑडिटोरियम बनाए गए हैं. इसके अलावा 42 कमरों की क्षमता की 5 स्टार होटल का निर्माण कराया गया है. जहां रेस्टॉरेंट, जिम, स्पॉ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. फिर भी कोई एजेंसी इस ऊंची इमारत को रेंट पर लेने को तैयार नहीं है.
होटल से पहले ही जिम और स्पॉ सेंटर हो गए शुरू
कन्वेंशन सेंटर के अंदर बनी 5 स्टार होटल का संचालन अभी शुरू भी नहीं हुआ है और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने गुपचुप तरीके से अपनों को उपकृत करते हुए जिम और स्पॉ सेंटर का संचालन शुरू करा दिया है. रेस्टॉरेंट के नाम पर इंडियन कॉफी हाउस को जगह अलॉट कर दी गई है, जबकि ये सारी गतिविधियां होटल शुरू किए जाने के बाद ही प्रारंभ होनी थी.
स्मार्ट सिटी जबलपुर ने रेंट का रेट बढ़ाकर किया टेंडर
बताया जा रहा है कन्वेंशन सेंटर को किराए पर देने के लिए स्मार्ट सिटी जबलपुर के अधिकारियों ने रेंट का रेट बढ़ाकर किया है. जिसे 2 बार रिवाज्ड भी किया जा चुका है. लेकिन अभी तक उक्त होटल को कोई लेने को तैयार नहीं है. पूरी इमारत खण्डहर में तब्दील होती जा रही है. नगर निगम के अधिकारियों ने उक्त कन्वेंशन सेंटर पर गीता भवन का भी संचालन शुरू कर दिया है. जिससे लोगों का आवागमन शुरू हो गया है. लेकिन गीता भवन में ज्यादा लोग नहीं पहुंच रहे हैं. गीता भवन चलेगा भी कि नहीं, अभी तो इसमें सस्पेंश है.
एक नजर में कन्वेंशन सेंटर की जानकारी
- > 1000 लोगों के बैठने की क्षमता का ऑडिटोरियम तैयार किया गया है.
- > 200 और 300 दर्शक क्षमता के 2 अन्य ऑडिटोरियम बनाए गए हैं.
- > 1500 क्षमता के ऑडिटोरियम में मात्र 200 वाहनों की अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई गई है.
- > 42 कमरों का 5 स्टार होटल तैयार किया गया है.
- > 15.94 करोड़ की लागत से 5 स्टार होटल का निर्माण हुआ है.
- > 84 करोड़ की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया गया है.
- > कन्वेंशन सेंटर के अंदर रेस्टोरेंट, जिम, स्पॉ सेंटर भी बनाया गया है.
6 करोड़ किराया होने के कारण नहीं आ रही एजेंसी
कन्वेंशन सेंटर को किराए में देने के लिए दो बार टेंडर किया गया, लेकिन 6 करोड़ वार्षिक किराया होने की वजह से कोई एजेंसी इसके संचालन के लिए आगे नहीं आई, अब इस रेंट को फिर से रिवाइज किया जा रहा है. बोर्ड मेंबर से रेट रिवाइज होते ही इसका टेंडर निकाला जाएगा. अरविंद शाह, सीईओ, स्मार्ट सिटी, जबलपुर

