मध्य प्रदेश में सोयबीन पर एमएसपी को लेकर सरकार के खिलाफ अब भारतीय किसान संघ ने भी मोर्चा खोल दिया है.
By : DB News Update| Edited By: प्रिंस अवस्थी
BKS Rally News: कांग्रेस के बाद अब भारतीय किसान संघ ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में भारतीय किसान संघ ने एक हजार ट्रैक्टरों की रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगा. भारतीय किसान संघ के नेता भारत सिंह बेस ने बताया कि सोमवार को हरिफाटक ब्रिज से दोपहर 1 बजे किसानों के जरिये रैली निकाली जाएगी. इस रैली में एक हजार से अधिक ट्रैक्टरों के शामिल होने की संभावना है.
BKS ने किया ये दावा
भारत सिंह बेस ने कहा, “सरकार ने जो 4 हजार 892 रुपये समर्थन मूल्य घोषित किया है. यह लागत के हिसाब से काफी कम है, ऐसी स्थिति में किसानों को इस साल भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.’ प्रदर्शन को लेकर भारत सिंह बेस ने कहा, “किसानों को सोयाबीन का उचित दाम मिले, इसी उद्देश्य के साथ भारतीय किसान संघ ट्रैक्टर रैली निकालने जा रहा है.’ इस रैली को भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी जोरशोर से तैयारी कर रहे हैं. यह ट्रैक्टर रैली हरि फाटक ब्रिज से देवास गेट, चामुंडा माता चौराहा होते हुए शहर के अलग-अलग मार्गों से कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी. जहां पर किसानों के जरिये कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जाएगा.

