जबलपुर जिला पहले ही लौह अयस्क आयरन और मैंगनीज, बॉक्साइट और संगमरमर मार्बल जैसे खनिज का भण्डार है, अब यहां की धरती आयरन ओर और सोने जैसी धातुएं उगल रही हैं.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Jabalpur Sehora Gold Mines: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के अंतर्गत आने वाली सिहोरा तहसील के महगवां केवलारी गांव से लगे बेला ग्राम पंचायत में सोने का भंडार मिला है. इसकी पुष्टि भू वैज्ञानिकों ने कर दी है. बताया जा रहा है कि इस गांव की जमीन के नीचे भारी मात्रा में सोने जैसी बेसकीमती धातु होने की संभावना है. वैज्ञानिकों की मानें तो यह क्षेत्र खनिज संपदा के लिए पहले से ही समृद्ध रहा है, लेकिन अब यहां सोने की खान मिलने से जबलपुर सिहोरा क्षेत्र एक बार फिर चर्चा में आ गया है. क्योंकि सोने का भण्डार मिलने से मध्यप्रदेश की आर्थिक तस्वीरही बदल जाएगी.
जीआईएस के वैज्ञानिकों ने की पुष्टि
सोना मिलने की जानकारी तब सामने आई, जब जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) और अन्य भूवैज्ञानिक विशेषज्ञों की एक टीम ने इस क्षेत्र में महीनों जांच की और कड़ी मेहनत करते हुए सैंपलिंग किया. उस सैंपलिंग का शोध बहुत दिनों तक चलता रहा, उसके बाद रिपोर्ट तैयार की गई. वैज्ञानिकों द्वारा बनाई गई जांच रिपोर्ट में पाया गया कि ग्राम बेला और बिनैका के बीच की जमीन को जब खोदा गया और उसके जमीन के सैंपल एकत्रित किए गए थे, उक्त जमीन में सोने के कण मिले हैं. सोना होने की पुष्टि के बाद सरकारी विभागों ने वहां एक पिट लगाकर संबंधित विवरण दर्ज कर दिया है.
100 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में स्वर्ण भण्डार
विशेषज्ञों द्वारा की गई जांच में बेला ग्राम पंचायत की लगभग 100 हेक्टेयर से अधिक जमीन के क्षेत्रफल पर स्वर्ण भण्डार मिलने का अनुमान लगाया गया है. जिसमें कई टन सोना मिलने की उम्मीद है. भू वैज्ञानिकों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहले से ही खनन कार्य होता रहा है. लेकिन अब इस नई खोज ने यहां की महत्ता और भी बढ़ा दिया है.
जबलपुर जिले में खनिज का भण्डार
जबलपुर जिले के आसपास पहले से गौण खनिज का भण्डार है. यहां लौह अयस्क आयरन और मैंगनीज, बॉक्साइट और संगमरमर मार्बल जैसे खनिज पाए गए हैं. यहां की धरती आयरन ओर जैसी धातुएं उगल रही हैं, जो न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी निर्यात किया जा रहा हैं. खास तौर पर चीन और अन्य देशों में जबलपुर के आयरन की मांग बहुत अधिक है, क्योंकि इसकी गुणवत्ता उच्च स्तर की मानी जा रही है.

