बेंगलुरु में हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हुई है, वहीं कई लोग घायल हैं. भगदड़ को दुर्भाग्यपूर्ण घटना करार दिया गया
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
BCCI on RCB Parade Stampede: IPL 2025 की चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर विक्ट्री परेड और ग्रैंड सेलिब्रेशन आयोजन किया गया था, यहां टीम के पहुंचने से पहले ही चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी. इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर BCCI ने भी शोक प्रकट किया है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का जश्न मातम में बदल गया. बेंगलुरु में मची भगदड़ की जगह से 11 लोगों की मौत हो गई. 18 साल के बाद आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली टीम आरसीबी के फैंस लाखों की संख्या में जश्न मनाने पहुंचे थे. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की क्षमता 35 हजार लोगों की है, लेकिन यहां 2 से 3 लाख लोग पहुंच गए. इस हादसे के बाद कर्नाटक सरकार सवालों के घेरे में है.
चिन्नास्वामी स्टेडियम खिलाड़ियों के पहुंचने से पहले ही खचाखच भरा हुआ था. बाहर भारी संख्या में मौजूद फैंस अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे. यह देख सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर ताला लगा दिया, लेकिन फैंस फिर भी नहीं माने और धक्का देकर गेट खोलने की कोशिश करने लगे. कई फैंस पेड़ पर चढ़कर, दीवार फांदकर स्टेडियम में घुसने की कोशिश करते नजर आए. हालात नहीं संभले तो कर्नाटक पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. इसी दौरान भगदड़ मच गई.
प्रधानमंत्री मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया. उन्होंने एक्स पर लिखा, ”बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही हृदयविदारक है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ”आरसीबी की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई दुखद भगदड़ दिल दहला देने वाली है. उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया. सभी घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं.”

