झारखंड के देवघर में जमुनिया चौक के निकट आज सुबह बस और ट्रक के बीच हुई है टक्कर. कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Deoghar Road Accident: झारखंड के देवघर में मंगलवार की सुबह-सुबह बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई. इस हादसे में 18 श्रद्धालुओं की मौत होने की खबर है. वहीं कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं. हंसडीहा सड़क मार्ग पर मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के निकट बस और ट्रक में टक्कर हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए.
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. वहीं पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. राहत और बचाव का काम जारी है. बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने कावड़ियों से भरी बस जा रही थी. बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी के कारण हादसा हुआ.
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख
इस हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “आज सुबह देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में बस सवार श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुःखद सूचना मिली है. जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य के साथ घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है.”

