मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन के तराना में नर्मदा-शिप्रा बहुउद्देशीय माइक्रो उद्वहन सिंचाई प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव गुरुवार (20 मार्च) को 2400 करोड़ से अधिक के लागत से नर्मदा-शिप्रा बहुउद्देशीय माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का उज्जैन जिले के तराना में लोकार्पण और भूमि पूजन करने वाले हैं. इस परियोजना का लाभ उज्जैन और शाजापुर जिले को भी मिलने वाला है.
दरअसल, इस प्रोजेक्ट से सिंचित क्षेत्रफल 30,000 हेक्टेयर के लिए 2489.65 करोड़ की राशि प्राप्त हुई थी. परियोजना से कुल 100 ग्रामों की 30218 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उज्जैन जिले की दो तहसील की तराना, घटिया विधानसभा क्षेत्र तराना के कुल 83 ग्रामों की 27490 हेक्टेयर भूमि और शाजापुर जिले की एक तहसील शाजापुर के कुल 17 ग्रामों की 2728 हेक्टेयर भूमि को फायदा मिलेगा.
उज्जैन से मिली ये सौगात
सीएम ने उज्जैन के तराना में ₹2489.65 करोड़ लागत की “नर्मदा-क्षिप्रा बहुउद्देशीय माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना” का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ₹9.64 करोड़ की लागत से बने इंदौख हाईलेवल ब्रिज का लोकार्पण, ₹7.15 करोड़ की लागत वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन, ₹5.73 करोड़ की लागत वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण और ₹5.21 करोड़ की लागत की 11 नल-जल परियोजनाओं का लोकार्पण किया.
क्या फायदा होगा इससे?
इस परियोजना से उज्जैन जिले को उद्योग एवं पेयजल हेतु 129.60 एम.एल.डी. जल, नागदा नगर को उद्योग एवं पेयजल हेतु 129.60 एम.एल.डी. जल तथा तराना, घट्टिया एवं गुराडीया गुर्जर को 21.60 एम.एल.डी. जल पेयजल के लिए प्रदाय होगा.
परियोजना से शाजापुर जिले के ग्राम समूह तथा शाजापुर नगर के पेयजल के लिए 43.20 एम.एल.डी. और मक्सी में पेयजल एवं उद्योग हेतु 43.20 एम.एल.डी. का जल प्रदाय होगा. परियोजना में ओंकारेश्वर जलाशय से (ग्राम बड़ेल जिला खंडवा) से भूमिगत पाइप लाइन द्वारा 15 घन मी. प्रति सेकेण्ड की दर से जल 435 मीटर ऊंचाई तक कुल 6 पंपिंग स्टेशन एवं 50 पंप मोटर के माध्यम से उद्वहित किया जायेगा.
परियोजना में मुख्य पाइप लाइन एवं वितरण प्रणाली से 2.5 हेक्टेयर चक तक कुल 2254 कि.मी. (3000 एम.एम. व्यास से 63 एम.एम. व्यास) पाइप लाइन बिछाई गई है. प्रति 20 हेक्टेयर पर एक ओ.एम.एस. बाक्स अर्थात कुल 1539 बॉक्स स्थापित किये गये हैं.
अब प्रत्येक गोवंश पर प्रतिदिन ₹40 का अनुदान दिया जा रहा है
मुख्यमंत्री ने गोवंश संरक्षण का उल्लेख करते हुए बताया “प्रदेश की गौशालाओं में अब प्रत्येक गोवंश पर प्रतिदिन ₹40 का अनुदान दिया जा रहा है. साथ ही 10 से अधिक गायों का पालन करने वाले गोपालकों को ₹5 प्रति किलो दूध पर अतिरिक्त अनुदान मिलेगा.” मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “हमारे संत समाज सिंहस्थ की धुरी हैं. आपके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से उज्जैन में स्थायी संरचनाओं और व्यवस्थाओं का निर्माण किया जा रहा है.”
नर्मदा और शिप्रा को जोड़ने वाली योजना की जानकारी दी
मुख्यमंत्री ने नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना का उद्घाटन करते हुए कहा, “जिस तरह भागीरथ जी ने गंगा का आह्वान किया था, उसी तरह आज हमने नर्मदा की जलधारा को तराना की धरती पर उतारा है.” मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा “कांग्रेस बार-बार सनातन संस्कृति का अपमान करती रही है. हाल ही में प्रयागराज कुंभ के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा धार्मिक आस्थाओं पर टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है. हम सनातन धर्म और भगवा ध्वज के सम्मान के लिए सदैव कार्य करते रहेंगे.”
नर्मदा-शिप्रा लिंक परियोजना से किसे लाभ
बता दें कि नदी जोड़ने योजना के तहत नर्मदा-शिप्रा-सिंहस्थ लिंक बहुउद्देशीय परियोजना बनाई गई है. यह पहल चंबल बेसिन के ऊपरी इलाकों में पानी की कमी को दूर करने के लिए बनाई गई है. इस परियोजना से मालवा क्षेत्र के उज्जैन और शाजापुर जिले के अलावा आगर जिले के कुछ हिस्सों में सिंचाई सुविधाओं का परिदृश्य बदल जाएगा.
किसानों को मिलती रहेंगी सौगातें : CM
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्यप्रदेश को पार्वती-कालीसिंध-चंबल और केन-बेतवा लिंक परियोजनाओं की सौगात मिली है. हर खेत तक सिंचाई का पानी और हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचे, यह हमारी सरकार का संकल्प है. इस परियोजना से क्षेत्र के कुल 100 ग्रामों की 30 हजार 218 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी. इससे उज्जैन जिले की दो तहसीलों (तराना, घट्टिया) के कुल 83 ग्रामों की 27,490 हेक्टेयर भूमि और शाजापुर जिले की एक तहसील (शाजापुर) विधानसभा क्षेत्र शाजापुर के कुल 17 ग्रामों की 2728 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी.

