कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार (23 अक्टूबर, 2024) को वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Priyanka Gandhi Nomination: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आज बुधवार (23 अक्टूबर) को केरल के वायनाड से अपना नामांकन दाखिल किया. लोकसभा उपचुनाव के लिए वायनाड से अपने पहले चुनावी मुकाबले के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले, प्रियंका गांधी सुबह करीब 11:45 बजे वायनाड के कलपेट्टा में विशाल रोड शो में भी शामिल हुईं. इस दौरान उनके साथ मां सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मौजूद रहे. नामांकन के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति भी घोषित की. जिसमें उन्होंने बताया कि उनके पास 8 लाख की कार और 1.15 करोड़ का सोना है.
प्रियंका गांधी के पास कितनी है संपत्ति?
प्रियंका गांधी ने एफिडेविट में 4 करोड़ 24 लाख की चल संपत्ति घोषित की है. उनके पास 52 हजार रुपए कैश, 2 करोड़ 24 लाख के मिचुअल फंड, बैंक खातों में करीब 3 लाख 60 हजार रुपये, पीपीएफ खाते में 17 लाख 38 हजार रुपये, एक हॉन्डा सीआरवी कार जिसकी कीमत 8 लाख रुपये है. इसे पति ने गिफ्ट किया है. इसके अलावा, 1 करोड़ 15 लाख रुपये का सोना और 29 लाख की चांदी भी उनके पास है.
इसके अलावा, प्रियंका गांधी के पास 2 करोड़ 10 लाख 13 हजार 598 रुपये की खेती वाली जमीन है, जो दिल्ली के पास गांव सुल्तानपुर महरोली में है और इसमें उनके भाई राहुल गांधी का भी हिस्सा है. प्रियंका गांधी के पास हिमाचल प्रदेश के शिमला में 5 करोड़ 63 लाख 99 हजार रुपये का एक मकान भी है.

