लड्डू में जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल पर पूरे देश के भक्तों और संत समाज में गुस्सा.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Tirupati Laddu Controversy: तिरुपति लड्डू विवाद पर छिड़े बवाल के बीच तिरुमला मंदिर में सोमवार (23 सितंबर) को शुद्धिकरण अनुष्ठान किया गया. इस पूजा में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी से मंत्रोच्चार के बीच माफी मांगी गई. बता दें कि तिरुपति मंदिर के लड्डू में जानवरों की चर्बी के इस्तेमाल पर पूरे देश के भक्तों और संत समाज गुस्सा जता रहा है. देश के कई मंदिरों ने अब बाहर से आने वाले प्रसाद को भगवान पर अर्पित करने पर रोक लगा दी है.
शांति होमम पंचगव्य प्रोक्षण से भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को किया प्रसन्न
मंदिर सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि 4 घंटों तक चली इस शुद्धिकरण पूजा यानी शांति होमम पंचगव्य प्रोक्षण से भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को प्रसन्न किया गया. तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने प्रसाद वाले लड्डू में जानवरों की चर्बी की मिलावट वाले विवाद के बाद इस महा शांति होमम का आयोजन किया. इस आयोजन में मंदिर के पुजारियों के साथ ही टीटीडी के अधिकारी भी शामिल हुए.
4 घंटे चला शुद्धिकरण अनुष्ठान
तिरुमला मंदिर के शुद्धिकरण के लिए सुबह 6 बजे से 10 बजे तक शांति होमम पंचगव्य प्रोक्षण नाम की ये पूजा चली. टीटीडी के मुताबिक इस अनुष्ठान का उद्देश्य भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को तिरुपति के प्रसाद में जानवरों की चर्बी मिलाने जैसे कथित अपवित्र व्यवहार से प्रसन्न करना था.

