उत्पन्ना के बाद अब मोक्षदा एकादशी 1 दिसंबर 2025 को है. ये व्रत मोक्ष प्राप्ति की कामना से किया जाता है.
By : एस्ट्रोलॉजर पंडित प्रदीप मिश्रा | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Mokshada Ekadashi 2025: हिंदू मान्यता के अनुसार कलियुग में मोक्ष प्राप्ति की कामनापूर्ति के लिए एकादशी व्रत करने का विधान बतलाया गया है. इसी कारण हिंदू धर्म को मानने वाले लोग एकादशी व्रत करते हुए बताए गए नियमों का पालन करते हैं. एकादशी व्रतधारी विशेष रूप से मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष पर पड़ने वाली एकादशी का विशेष ध्यान रखते हैं. क्योंकि इसे मोक्षदा एकादशी कहा गया है, इस साल मोक्षदा एकादशी 1 दिसंबर 2025 को पड़ रही है.
इस दिन गीता जयंती भी मनाई जाती है. इस एकादशी के नाम में ही मोक्ष है, पुराणों में वर्णित है कि मोक्षदा एकादशी के दिन जो जातक भगवान विष्णु का पूजन और व्रत करता है, उनके लिए बैकुंठ के द्वार खुले रहते हैं.
मोक्षदा एकादशी 2025 मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी 30 नवंबर को रात 9 बजकर 29 मिनट पर शुरू होगी, 01 दिसंबर को सुबह 07 बजकर 01 मिनट पर इसका समापन होगा.
पूजा मुहूर्त – सुबह 06:56 – सुबह 08:15
सुबह 09:33 – सुबह 10:52
व्रत पारण समय – सुबह 06:57 – सुबह 09:03 (2 दिसंबर 2025)
क्यों मनाई जाती है मोक्षदा एकादशी ?
वैदिक पुराणों में वर्णित है कि मोक्ष उसी व्यक्ति को मिलता है जिसे कर्म अच्छे हों, धार्मिक आचरण अपनाने वालों को मृत्यु के बाद जन्म मरण के बंधन से मुक्ति मिलती है. ऐसे में मोक्षदा एकादशी वो व्रत है जिसके फलस्वरूप व्यक्ति अपने पाप कर्म से मुक्ति पाकर मोक्ष की ओर अग्रसर होता है. यही वजह है कि मोक्षदा एकादशी व्रत बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है.
एकादशी पर कौन से शुभ काम करें ?
- एकादशी की सुबह तुलसी को जल चढ़ाएं और सूर्यास्त के बाद घर के आंगन में तुलसी के पास दीपक जलाएं. इस दिन तुलसी का स्पर्श नहीं करना चाहिए.
- सुबह पूजा में गीता का पाठ करें, क्योंकि मोक्षदा एकादशी पर गीता जयंती भी मनाई जाती है. पूरे ग्रंथ का पाठ करना संभव न हो तो अपने समय के अनुसार कुछ अध्यायों को पाठ कर सकते हैं.
- एकादशी पर किसी गौशाला जाएं और गायों की देखभाल के लिए धन का दान करे.गायों को हरी घास खिलाएं. ये व्यक्ति को हर पाप से मुक्ति दिलाने का कारगर उपाय है.
Disclaimer: यह सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि DBNewsupdate.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

