तीसरी कैबिनेट में मध्य प्रदेश को कम से कम 4 मंत्रालय मिल सकते हैं. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, रामेश्वर शर्मा और राज्य के भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा का नाम मंत्री बनने के लिस्ट में
भोपाल. नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. कुछ ही घंटों में शपथ ग्रहण समारोह होने वाला है. अब ऐसे में सभी की निगाहें नए मोदी कैबिनेट पर टिकी हुई हैं. मोदी कैबिनेट 3.0 में सीटों का बंटवारा कैसे होगा, किसे मंत्री पद मिलेगा, इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने मध्य प्रदेश में क्लीन स्वीप किया है. इस बड़ी जीत के बाद अब एमपी के नेताओं की मोदी कैबिनेट में दावेदारी बढ़ गई है. इस जीत के बाद माना जा रहा है कि प्रदेश में बड़ी जीत हासिल करने वाले कुछ चेहरों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में तो जगह मिलेगी ही भाजपा संगठन में भी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.
सूत्रों की मानें तो नरेंद्र मोदी की तीसरी कैबिनेट में मध्य प्रदेश को कम से कम 4 मंत्रालय मिल सकते हैं. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, रामेश्वर शर्मा और राज्य के भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा का नाम मंत्री बनने के लिस्ट में शामिल बताया जा रहा है. इतना ही नहीं राज्य मंत्री के पद के लिए मंडला से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के नाम की भी चर्चा है. दावा किया जा रहा है कि एमपी को 3 से 4 कैबिनेट मंत्री और 2 राज्य मंत्री भी मिल सकते हैं. इसके अलावा कुछ दिनों बाद संगठन में भी फेरबदल होने वाला है. संगठन की कार्यकारिणी में भी एमपी का दबदबा देखने को मिलेगा.
मध्य प्रदेश से इन्हें मिल सकता है मौका
शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा को 8 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है. शिवराज सिंह को 11 लाख से ज्यादा वोट मिले, तो वहीं कांग्रेस कैंडिडेट को 3 लाख से भी कम वोट मिले थे. विदिशा से उनकी यह 6वीं जीत है. वे 3 बार राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे. सूत्र बताते हैं कि बीजेपी की तरफ से उनके कॉल भी पहुंच गया है.
ज्योतिरादित्य सिंधिया
बीजेपी के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना शिवपुरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी को साढ़े 5 लाख से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है. उनकी जीत के बाद मध्य प्रदेश की इस हाईप्रोफाइल सीट पर एक बार फिर बीजेपी का कब्जा हो गया. गुना में मिली बड़ी जीत के बाद अब मोदी कैबिनेट में ज्योतिरादित्य सिंधिया की दावेदारी भी बढ़ गई है. सूत्र बताते हैं कि नवनिर्वाचित सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी की तरफ से कॉल पहुंच गया है. वह एनडीए सरकार में मंत्री बन सकते हैं.
विष्णु दत्त शर्मा
मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने खजुराहो लोकसभा सीट पर 5 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की. उन्होंने बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी कमलेश कुमार को हराया. उनका भी नाम मंत्रियों के संभावित लिस्ट में शामिल है.
इन महिला सांसदों को भी मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
नरेंद्र मोदी के नए कैबिनेट में महिलाओं का भी अहम रोल होगा. ऐसे में मध्य प्रदेश की कुछ महिला सांसद भी मंत्रिमंडल में अपनी जगह बना सकती हैं. हिमाद्री सिंह ने शहडोल संसदीय सीट पर कांग्रेस के फुंदे लाल सिंह मार्को को 3 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है. सावित्री ठाकुर ने धार संसदीय सीट पर कांग्रेस के राधेश्याम मुवेल को 2 लाख 18 हजार 665 मतों मात दी है. संध्या राय ने भिंड संसदीय सीट पर फूल सिंह बरैया को 64 हजार 840 वोटों से शिकस्त दी. इन तीनों की जीत प्रदेश की राजनीति में अहम मानी जा रही है. राजनीतिक पंडितों का कहना है कि बीजेपी संसद में महिलाओं को आगे करने और उनका आरक्षण बढ़ाने की बात करती है, इस वजह से इन तीनों महिलाओं को नई सरकार की कैबिनेट में पद मिल सकता है.

