By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Boeing 777 Engine Fire : पिछले कुछ दिनों से बोइंग विमानों में लगातार दुर्घटना की खबरें सामने आ रही हैं। एक बार फिर एक बोइंग विमान के इंजन में आग लग गई। घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि उड़ान भरते ही विमान के इंजन में आग की लपटें उठने लगीं। विमान में आग की लपटें देखकर हड़कंप मच गया।
बोइंग 777 के इंजन में लगी आग
घटना 8 जून को हुई, जब बोइंग 777 वाइड-बॉडी विमान ने टोरंटो पीयरसन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी। विमान रनवे पर खड़ा ही था कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) को विमान के दाहिने इंजन से चिंगारी निकलती दिखाई दी। इसके बारे में पायलट को तुरंत जानकारी दी गई।
हालांकि जब तक पायलट को जानकारी मिली, विमान उड़ान भर चुका था। एयरपोर्ट के पास मौजूद लोगों ने विमान के इंजन से निकलती चिंगारी का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जो अब वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आग लगने की सूचना मिलने के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों की जान बचा ली। विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वापस एयरपोर्ट लौट गया और सुरक्षित लैंड हो गया। विमान में 389 यात्री और 13 क्रू मेम्बर्स सवार थे। ये विमान कनाडा से पेरिस जा रहा था। जहाज के एयरपोर्ट पर लौटने के बाद यात्रियों को नीचे उतारा गया और इसके बाद दूसरे विमान से यात्रियों को रवाना किया गया.

