राहुल गांधी ने प्रेस कान्फ्रेंस कर लगाया आरोप, NEET UG एग्जाम को कैंसिल कराए जाने की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
NEET Exam: NEET एग्जाम विवाद पर राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कहा, ‘भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हजारों युवाओं ने पेपर लीक की शिकायत की थी। अब नीट पेपर में घोटाले की बात सामने आई है। NET-UGC रद्द हो गई है। खबरें थी कि पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन के बीच लड़ाई एक फोन करके रुकवा दी थी। गाजा और इजराइल की लड़ाई भी एक फोन करके रुकवाई थी। कुछ कारणों से नरेंद्र मोदी भारत में पेपर लीक नहीं रोक पा रहे हैं, या रोकना नहीं चाह रहे हैं।’
राहुल ने कहा कि पेपर लीक के पीछे कारण यह है कि एजुकेशन सिस्टम को भाजपा के पेरेंट ऑर्गनाइजेशन ने कैप्चर कर लिया है। जब तक इसे पलटा नहीं जाएगा, तब तक पेपर लीक जारी रहेगा। मोदी जी ने यह होने दिया है, जो कि एंटी-नेशनल एक्टिविटी है।
NEET UG एग्जाम को कैंसिल कराए जाने की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन
NEET UG एग्जाम को कैंसिल कराए जाने की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्रों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। इस बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने NTA के अधिकारियों के साथ बैठक की है। हायर एजुकेशन सेक्रेटरी संजय मूर्ति ने NTA के डायरेक्टर जनरल डॉक्टर सुबोध कुमार सिंह से मुलाकात की है।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को हुई सुनवाई में NEET UG काउंसलिंग पर रोक लगाने से फिर इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा है कि आखिरी सुनवाई के बाद परीक्षा कैंसिल होती है तो काउंसलिंग भी कैंसिल हो जाएगी।
इससे पहले 11 जून को भी सुप्रीम कोर्ट ने यह अपील खारिज की थी। आज सुप्रीम कोर्ट में परीक्षा रद्द करने की मांग वाली नई याचिका पर भी सुनवाई हुई। यह अर्जी 49 स्टूडेंट्स और स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने लगाई थी। इस पर अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी।
याचिकाकर्ताओं ने एग्जाम में 620 से ज्यादा स्कोर वाले स्टूडेंट्स का बैकग्राउंड चेक करने और फोरेंसिक जांच करने की मांग की है। वहीं, पेपर लीक के आरोप की CBI जांच की भी मांग की है।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान, कलकत्ता और बॉम्बे हाईकोर्ट में NEET UG केस में दायर याचिकाओं को क्लब कर दिया है। अब इन पर सुप्रीम कोर्ट में 8 जुलाई को सुनवाई होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यह मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस एसवीएन भट्टी की वेकेशन बेंच कर रही है।
9 दिन पहले भी काउंसिलिंग की मांग खारिज हुई थी
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को NEET काउंसलिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने परीक्षा कराने वाली संस्था नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA को नोटिस जारी करते हुए कहा- NEET UG की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। हमें इसका जवाब चाहिए।
ये याचिका स्टूडेंट शिवांगी मिश्रा और 9 अन्य छात्रों ने रिजल्ट की घोषणा से पहले 1 जून को दायर की थी। इसमें बिहार और राजस्थान के एग्जाम सेंटर्स पर गलत क्वेश्चन पेपर्स बंटने के चलते हुई गड़बड़ी की शिकायत की गई थी और परीक्षा रद्द कर SIT जांच की मांग की गई थी।
परीक्षार्थियों को ग्रेस मार्क्स क्यों दिए गए?
मेघालय, हरियाणा, छत्तीसगढ़, सूरत और चंडीगढ़ के कम से कम छह केंद्रों के छात्रों ने परीक्षा के दौरान समय बर्बाद होने की शिकायत की थी. इन स्थानों पर छात्रों को प्रशासनिक कारणों, जैसे कि गलत प्रश्न पत्र का वितरण, फटी हुई ओएमआर शीट या ओएमआर शीट के वितरण में देरी के कारण प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरे तीन घंटे 20 मिनट का समय नहीं मिला.
परीक्षा परिणामों पर राजनीतिक विवाद
कांग्रेस ने नीट परीक्षा की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है. उसने कहा है कि इस मामले को लेकर देश में जो गुस्सा है, उसकी गूंज “संसद में भी सुनाई देगी.”
शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने एनटीए का बचाव करने के लिए शिक्षा मंत्री की आलोचना की है और दावा किया है कि बिहार पुलिस की जांच में पेपर लीक होने का पता चला है. महाराष्ट्र सरकार ने परीक्षा को तत्काल रद्द करने की मांग की है और आरोप लगाया है कि इस परीक्षा में राज्य के छात्रों के साथ अन्याय हुआ है.

