एमपी में संपदा-2.0 पोर्टल के माध्यम से प्रदेश और देश के बाहर से भी ऑनलाइन रजिस्ट्रियां करवाई जा सकेंगी.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: मध्य प्रदेश में ई-रजिस्ट्री और ई-पंजीयन की नई प्रणाली पर विकसित संपदा-2.0 पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कह कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किया गया डिजिटल इंडिया मिशन अब कल्पवृक्ष की तरह आमजन की हर जरूरत पूरी कर रहा है. जीरो बैलेंस खाता, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और ई-रजिस्ट्री जैसे नवाचार ने सभी का जीवन सरल और सुगम बनाया है.
माइलस्टोन बनेगा संपदा-2.0
मोहन यादव ने कहा कि इसी कड़ी में मध्य प्रदेश में नवीन तकनीक पर आधारित संपदा-2.0 का नवाचार ऑनलाइन दस्तावेज पंजीयन में डिजिटल क्रांति का माइलस्टोन बनेगा. प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश लगातार नवाचार कर रहा है. इस दिशा में प्रदेश में संपदा-2.0 की नई व्यवस्था लागू की जा रही है. इससे पंजीयन की व्यवस्था सुगम, सरल ओर करप्शन-फ्री बनेगी.
आम व्यक्ति का समय बचेगा
नागरिकों को ई-पंजीयन और ई-स्टाम्पिंग की नवीन प्रणाली का लाभ मिलेगा. लोग घर बैठे अपनी प्रॉपर्टी को बेच भी सकेंगे और रजिस्ट्री करा सकेंगे. इस प्रणाली से प्रदेश ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के बाहर से भी ऑनलाइन रजिस्ट्रियां करवाई जा सकेंगी. इससे आम व्यक्ति का समय भी बचेगा और अनावश्यक रूप से लगने वाले आरोपों से मुक्ति भी मिलेगी.

