गर्भगृह पर भगवान शंकर का आवाहन करने के पश्चात शिव स्वरूप और चरण पादुका पालकी में देंगे दर्शन
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
MP Jabalpur News : संस्कारधानी जाबालिपुरम् का भ्रमण करने के लिए श्रीरामेश्वरम के उपलिंग गुप्तेश्वर महादेव निकलेंगे. गुप्तेश्वर महादेव से जुड़े भक्त और संत-महात्मा गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में एकत्रित होंगे और भगवान शंकर का आवाहन करेंगे. उन्हें पालकी में बैठाकर भ्रमण कराया जाएगा. भगवान भोलेनाथ शहरवासियों को दर्शन देंगे.
श्रद्धालु-भक्तों का भोनेनाथ भी हालचाल जानेंगे. इसी तर्ज पर उज्जैन महाकाल की सवारी हर साल निकाली जाती है. जो अब परंपरा बन चुकी है. गुप्तेश्वर महादेव भी जबलपुर के भक्तों को दर्शन देने के लिए आज 21 जुलाई 2025 को दोपहर 1 बजे निकलेंगे.
गर्भगृह से पालकी में बैठेंगे गुप्तेश्वर महादेव
गुप्तेश्वर महादेव को गर्भगृह से पालकी में बैठने का आवाहन किया जाएगा. जिनकी पूजा अर्चना विद्वत पण्डित-पुरोहितों द्वारा किया जाएगा. भगवान शंकर का स्वरूप और उनकी चरण पादुका पालकी में रखी जाएगी. जिनका दर्शन और पूजन करने का सौभाग्य शहरवासियों को मिलेगा.
संतों के भी होंगे दर्शन
महादेव की शाही सवारी में शहर के संतों-महंतों के भी दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा. गुप्तेश्वरपीठाधीश्वर डॉ. स्वामी मुकुंददास जी महाराज ने बताया कि शहर के जितने भी साधु-संत हैं, उन्हें शाही सवारी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. शाही सवारी में प्रमुख रूप से जगद्गुरु श्रीरामरंगी द्वाराचार्य श्रीनृसिंहपीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज, जगद्गुरु स्वामी राघवदेवाचार्य जी महाराज, स्वामी कालिकानंद जी महाराज, स्वामी चैतन्यानंद जी महाराज सहित अन्य संत शामिल रहेंगे.

