स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, तहसील, थाना इत्यादि अन्य शासकीय भवनों के लिए जगह सुनिश्चित करने को लेकर हुआ मंथन.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Jabalpur News: जबलपुर के विकास की योजनाओं के पुनर्विलोकन बैठक कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई. इस दौरान कलेक्टर सक्सेना ने कहा कि जबलपुर के विकास के लिए 2047 को लक्ष्य रखकर विकास का प्लान तैयार करें. 2047 में जबलपुर की अनुमानित जनसंख्या 30 लाख के आस-पास होगी, अत: उस हिसाब से माइक्रो प्लान तैयार कर कार्य करें.
इन विषयों को लेकर हुई चर्चा
बैठक में प्रमुख रूप से निवेश क्षेत्र एवं विस्तार, शहरी विकास एवं भूमि प्रयोग, जनसंख्या एवं भूमि की आवश्यकता, नगर की महत्वपूर्ण परियोजनाएं, विकास योजनाओं का आंकलन आदि पर विस्तार से चर्चा की गई. जबलपुर विकास प्राधिकरण की परियोजनाओं पर पावर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन दिया गया.
यातायात पर फोकस करने पर हुआ चिंतन
कलेक्टर ने आगे कहा कि दो हजार की जनसंख्या वाले रेसिडेंसियल व अन्य सभी क्षेत्रों में स्ट्रीट वेंडर के लिए समुचित स्थान सुनिश्चित किया जाये. इसके अलावा उन्होंने कहा कि शहर की आवश्यकताओं व बढ़ती जनसंख्या को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था सुनिश्चित रखने के लिए पार्किंग व्यवस्था का भी प्लान करें. यदि वाहन पार्किंग व स्ट्रीट वेंडर के लिए समुचित जगह सुनिश्चित हो जाती है तो विकास के प्लान सार्थक होंगे. जनसंख्या व शहर के विस्तार को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, तहसील, थाना इत्यादि अन्य शासकीय भवनों के लिए भी जगह सुनिश्चित करना होगा. बैठक में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, अपर कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्रीमती प्रीति यादव, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक गहलोत सहित जबलपुर विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी मौजूद थे.

