आमिर खान की फिल्म 3 इडियट्स में फेम किए गए स्कूल को बड़ी उपलब्धि हाथ लगी है. इस स्कूल को सीबीएसई की मान्यता मिली है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
CBSE Affiliation: लेह के ठंडे रेगिस्तान में बसे ड्रुक पद्मा करपो स्कूल को आखिरकार CBSE की मान्यता मिल गई है. करीब 24 सालों के लंबे इंतजार के बाद इस स्कूल ने ये ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है, जो अब यहां के छात्रों के भविष्य को नई उड़ान देगा. आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ तो ज्यादातर सभी ने देखी होगी. इस स्कूल में दिखाया गया स्कूल भी सबको याद होगा. अब इस स्कूल ने खास उपलब्धि हासिल की है. जिस स्कूल ने ‘3 इडियट्स’ फिल्म के जरिए लाखों दिलों में जगह बनाई थी, उसे अब सीबीएसई से मान्यता मिल चुकी है.
ड्रुक पद्मा करपो स्कूल का नाम महान विद्वान मिफाम पेमा कार्पो (1527-1592) के सम्मान में रखा गया है. ‘पद्मा कार्पो’ का अर्थ स्थानीय भाषा बोथी में ‘सफेद कमल’ होता है. अपनी खास शिक्षण पद्धति और ठंडी रेगिस्तानी पृष्ठभूमि में शिक्षा के प्रति समर्पण के कारण यह स्कूल पहले से ही एक मिसाल रहा है.
अब मिली CBSE की मंजूरी
अब तक यह स्कूल जम्मू-कश्मीर राज्य शिक्षा बोर्ड (JKBOSE) से मान्यता प्राप्त था. कई बार CBSE से मान्यता के लिए आवेदन करने के बावजूद, ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) न मिलने के कारण प्रक्रिया अधूरी रह गई थी. स्कूल की प्राचार्या मिंगुर अंगमो ने मीडिया को बताया कि उनके पास सभी जरूरी सुविधाएं पहले से थीं, फिर भी एनओसी की देरी से मंजूरी में वक्त लगा. लेकिन अब, CBSE से मान्यता मिल जाने के बाद छात्र आसानी से देशभर में उच्च शिक्षा के अवसर तलाश सकेंगे.

