कनाडा के टोरंटो एयरपोर्ट पर एक विमान लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस विमान में 76 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य सवार थे.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Plane Crash In Toronto: बर्फीले तूफान के बाद तेज हवा के बीच सोमवार (17 फरवरी, 2025) को कनाडा के टोरंटो पीयरसन हवाई अड्डे पर उतरते समय डेल्टा एयर लाइन्स का एक क्षेत्रीय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस दुर्घटना में कम से कम 18 लोग घायल हो गए थे. मिनियापोलिस-सेंट पॉल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले इस विमान में 80 लोग सवार थे.
अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार एक बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. कनाडाई अधिकारियों ने कहा कि वे दुर्घटना के कारण की जांच करेंगे, जो अभी तक ज्ञात नहीं है. वहीं, अब इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो
पीट कोकोव नामक एक यात्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अधिकारियों द्वारा उसे विमान के अंदर से बचाया गया है. फुटेज में यात्रियों को उल्टे विमान से बाहर निकाला जा रहा है और दमकल की गाड़ी बाहर से उस पर पानी का छिड़काव कर रही है.
दुर्घटना में जीवित बची एक महिला ने भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. ये महिला विमान पलटने के बाद अपनी सीट पर उल्टी लटकी हुई दिखाई दे रही है. इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा,”मेरा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और मैं उल्टी पड़ी हूं.”

