भारी बारिश के कारण लैंडिंग के समय हादसा, इंजन को नुकसान, 3 टायर फटे
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Mumbai plane crash: मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एअर इंडिया का AI2744 प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया. ये विमान कोच्चि से मुंबई आया था. मुंबई में भारी बारिश के कारण रनवे पर फिसलन था, जिससे विमान रनवे से 16 से 17 मीटर दूर घास पर चला गया.
ये हादसा सुबह 9:27 बजे हुआ. तस्वीरों में दिखा कि विमान के दाहिने इंजन के नैसेल (ढक्कन) को नुकसान पहुंचा है. इस घटना के बावजूद विमान को पार्किंग तक लाया गया, जहां सभी यात्री और क्रू मेंबर्स को उतारा गया. इस दौरान विमान के तीन टायर फट गए.
एअर इंडिया ने बताया कि हादसे में किसी पैसेंजर्स या क्रू मेंबर्स को नुकसान नहीं पहुंचा है. हालांकि, मुंबई एयरपोर्ट का मेन रनवे, 09/27 क्षतिग्रस्त हुआ है. रनवे पर फ्लाइट्स की आवाजाही बंद कर दी गई है. रनवे किनारे तीन साइनेज बोर्ड और चार लाइटें भी टूट गईं.
DGCA की टीम जांच के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंची
मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन्स चालू रखने के लिए दूसरे रनवे, 14/32 को शुरू कर दिया गया है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की एक टीम मामले की जांच के लिए एयरपोर्ट पहुंची है.

