शारदीय नवरात्रि आश्विन शुक्ल की प्रतिपदा यानी 22 सितंबर 2025 से शुरू होने वाली है. जानें नवरात्रि में कलश स्थापना की विधि, मुहूर्त और सामग्री की पूरी लिस्ट.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Shardiya Navratri 2025: शारदीय नवरात्रि की शुरुआत इस साल सोमवार 22 सितंबर 2025 से हो रही है. इस वर्ष शारदीय नवरात्रि की शुरुआत सोमवार के दिन हो रही है और इस दिन हस्त नक्षत्र का संयोग भी बन रहा है. सोमवार का दिन होने से माता का आगमन हाथी पर होगा, जिसे कि बहुत शुभ माना जाता है. नवरात्रि का त्योहार नौ दिनों तक मनाया जाता है. इसलिए मां भवानी की पूजा करने का नौ रूपों में विधान है. इस साल नवरात्रि 22 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर तक मनाई जाएगी. वहीं गुरुवार 2 अक्टूबर को विजयादशी या दशहरा मनाया जाएगा.
नवरात्रि के पहले दिन यानी आश्विन मास की प्रतिपदा तिथि पर कलश स्थापना (घटस्थापना) की जाती है. इस दिन पहली देवी माता शैलपुत्री की पूजा होती है.
घटस्थापना का मुहूर्त
22 सितंबर को सुबह 06:09 से 08:06 तक का समय घटस्थापना के लिए शुभ रहेगा. इसके साथ ही आप दोपहर के समय 11:49 से 12:38 तक भी घटस्थापना कर सकते हैं.
पूजन सामग्री
पूजा के लिए- लाल या पीला कपड़ा, अक्षत, रोली, हल्दी, कुमकुम, दीपक, घी, बाती, माचिस, धूपबत्ती, अगरबत्ती, नारियल, सुपारी, फूल, पान के पत्ते, कलावा, माता के लिए चुनरी, मिठाई और भोग.
कलश स्थापना के लिए- मिट्टी का पात्र (जौ बोने के लिए), साफ मिट्टी, जौ या गेहूं के बीज, कलश, गंगाजल, आम या अशोक के पत्ते, नारियल, लाल वस्त्र, मौली, सुपारी, सिक्का, हल्दी.
कलश स्थापना की ऐसी है विधि
- सबसे पहले पूजास्थल को साफ करें.
- मिट्टी के पात्र में शुद्ध मिट्टी भरकर उसमें जौ या गेहूं के बीज बोएं.
- कलश में गंगाजल, सुपारी, हल्दी, सिक्का और अक्षत डालकर कलश के ऊपर आम या अशोक के पत्ते रखें और ऊपर से लाल कपड़े से लपेटकर एक नारियल भी रख दें.
- मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना करें और नवरात्रि पूजा या व्रत का संकल्प लें.
- रोजाना नौ दिनों तक सुबह और शाम के समय पूजा करें.
- कलश के पास घी का दीपक जलाएं.
- सुबह-शाम आरती करें.
- साथ ही दुर्गा सप्तशती या दुर्गा चालीसा का पाठ करें.
- नवरात्रि के दौरान नौ दिन तक अखंड ज्योति भी जलाना शुभ होता है.
Disclaimer: यह सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि DBNewsupdate.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.

