भेडाघाट से शुरू हुई पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा, मंत्री राकेश सिंह ने पीएम श्री पर्यटन हेलीकाप्टर सेवा का किया शुभारंभ
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP Heli Tourism: मध्य प्रदेश जबलपुर से कान्हा और बांधवगढ़ पहुंचना अब और आसान हो गया है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जबलपुर से भी आज 20 नवंबर को पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंप हो गया है. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस सेवा का शुभारंभ किया. यह हेली पर्यटन सेवा सप्ताह में पांच दिन पर्यटक जबलपुर से बांधवगढ़ और कान्हा तक हेलीकॉप्टर से पहुंच सकेंगे.
टूरिस्ट हब है जबलपुर- मंत्री
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि जबलपुर स्वाभिक रूप से टूरिस्ट हब है, यहां पर पर्यटन की असीम संभावनाएं है. उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी सोच ने मध्यप्रदेश में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा शुरू की है और इसमें जबलपुर को जोड़ा है. आज भेड़ाघाट से विधिवत इसकी शुरूआत हुई है. जिसके माध्यम से पर्यटक कान्हा, बांधवगढ़, मैहर, चित्रकूट ऐसे सभी स्थानों पर जा सकेंगे और वापस आ सकेंगे. उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ी आवागमन की सुविधा मिली है. अब पर्यटक सीमित समय में अधिक से अधिक पर्यटन स्थल पहुंचकर पर्यटन कर सकेंगे. यह सेवा पर्यटन के साथ-साथ रोजगार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगी.
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी, नीरज सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल और कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समाज – तीनों को परस्पर जोड़ता है पर्यटन-सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे परिसर में आयोजित विशेष समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने 70 वर्षों की इस लंबी यात्रा में अनेक चुनौतियां पार की हैं. अब हमारा लक्ष्य ही नहीं दृढ़ सकंल्प भी है कि हम मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर, तकनीक-संपन्न और पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाकर रहेंगे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है, जो अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समाज – तीनों को परस्पर जोड़ता है. उन्होंने कहा कि पर्यटन हमारे देश और प्रदेश की इकोनॉमी का इकलौता ऐसा क्षेत्र है जो नई-नई लोकेशन्स, अलग-अलग संस्कृतियों और ऐतिहासिक चीजों को अपने तरीके से एक्सप्लोर करने का आनंद, रोजगार और पहचान तीनों देता है. मध्यप्रदेश में विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा और धार्मिक पर्यटन का अनोखा संगम है. हमारा प्रयास है कि इन स्थलों तक सीधी पहुंच और यहां की सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाया जाए. उन्होंने कहा कि पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा इसी दृष्टि से एक अभिनव पहल है, जिससे देशी-विदेशी सभी पर्यटकों को प्रदेश के प्रमुख स्थलों तक सीधी, सुरक्षित और शीघ्र पहुंच सुविधा मिल सकेगी.
हेलीकॉप्टर सेवा से पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा में प्रारंभिक चरण में तीन प्रमुख पर्यटन सेक्टर्स में हेली सेवाएं चलाई जायेंगी. प्राथमिक चरण में इंदौर से उज्जैन एवं ओंकारेश्वर, भोपाल से मढ़ई एवं पचमढ़ी तथा जबलपुर से बांधवगढ़ एवं कान्हा जैसे प्रमुख स्थलों तक हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की जाएंगी. उन्होंने कहा कि इस सेवा से पर्यटकों को कम समय में अधिक पर्यटन स्थलों की यात्रा करने की सुविधा मिलेगी. साथ ही, यह सेवा प्रदेश के ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में रोजगार सृजन, होम-स्टे व्यवसाय और स्थानीय उत्पादों के विपणन को भी बढ़ावा देगी. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस पहल से प्रदेश में हेलीकॉप्टर चार्टर कंपनियों, पर्यटन एजेंसियों, गाइड सेवा प्रदाताओं और महिला स्व-सहायता समूहों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे.
तीन सेक्टर में पीएमश्री हेली सर्विस शुरू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा की अनुपम सौगात मिली है. इससे पर्यटकों को पैकेज के रूप में सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी. शुरुआती चरण में प्रदेश के 3 सेक्टर में पीएमश्री हेली सर्विस शुरू की जा रही है. भोपाल से मढ़ई-पचमढ़ी, इंदौर से उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा-बांधवगढ़ सेक्टर पर पर्यटकों को हेलीकॉप्टर सुविधा मिलेगी. अभी भोपाल से सड़क मार्ग से पचमढ़ी जाने में साढ़े 5 घंटे लगते है, लेकिन नई पीएमश्री हेली सर्विस से पर्यटक सिर्फ 45 से 50 मिनट में पचमढ़ी पहुंच सकेंगे. पीएमश्री पर्यटन हेली सर्विस जबलपुर से कन्हा और बांधवगढ़ को लिंक करेगी. इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा से एक दिन में दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन हो जाएंगे. बाबा महाकाल की नगरी में प्रदेश का 9वां एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा.

