गीता भवन का कलेक्टर और निगमायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Geeta Bhawan Jabalpur News: मध्य प्रदेश जबलपुर शहर की आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र गीता भवन की व्यवस्थाओं के और अधिक सुदृढ़ और जन-उपयोगी बनाने के उद्देश्य से आज 17 मार्च 2026 को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से परिसर और आस-पास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने उपस्थित अधिकारियों से कहा, “गीता भवन न केवल एक आस्था का केंद्र है, बल्कि शहर की गरिमा का प्रतीक भी है. यहाँ आने वाले हर नागरिक को एक सुखद और सुरक्षित अनुभव मिलना चाहिए.
कलेक्टर ने गीता भवन के प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक सारी आवश्यक व्यवस्थाओं को चाकचौबंद रखने निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि प्रवेश और निकास की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे भीड़ का प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके और किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो.
निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय ने परिसर एवं ग्रीन रूम में नियमित साफ-सफाई उत्तम रखने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रवेश मार्ग को और अधिक सुसज्जित और प्रकाशयुक्त बनाने की दिशा में भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान नगर निगम की ओर से अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे.
LPG के विकल्प का इस्तेमाल करने का आग्रह.
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशानुसार सोमवार को संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन, प्रभारी अधिकारी खाद्य शाखा संयुक्त कलेक्टर पुष्पेन्द्र अहके, प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक सुश्री सीमा बौरसिया, होटल एंड रेस्टारेंट ऐसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ आज सोमवार की शाम बैठक आयोजित की गयी.
कलेक्टर कार्यालय में संपन्न हुई बैठक में होटल और रेस्टारेंट संचालकों से अपील की गयी कि होटल और रेस्टोरेंट में अथवा शादी समारोह में भोजन बनाने में भट्टी या तंदूर, इंडक्शन या इलेक्ट्रिक उपकरण, बायोमास पैलेट बायो फ्यूल या सोलर उपकरण सहित अन्य वैकल्पिक साधनों का अधिक से अधिक उपयोग करें ताकि एलपीजी की खपत को कम किया जा सके.
होटल और रेस्टारेंट संचालकों से कहा गया कि अपने प्रतिष्ठानों के मैन्यू में इस तरह की भोजन सामग्री को शामिल करें, जिसे तैयार करने में एलपीजी का ईंधन के तौर पर का कम उपयोग करना पड़े.
बिजली का समुचित व सही तरीके से उपयोग करें
पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री शहर संजय अरोरा ने बिजली का समुचित व सही तरीके से उपयोग किये जाने के संबंध में जानकारी दी गयी. ऑयल कम्पनी के नोडल अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. व्यवसायिक गैस सिलेंडरों को वर्तमान में सभी शैक्षणिक संस्थाओं एवं हॉस्पिटल में नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है. महाकौशल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के कमल ग्रोवर तथा होटल ऐसोसियेशन के अध्यक्ष छाबड़ा ने वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी प्रतिष्ठानों की ओर से प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया है.
बैठक में बताया गया कि जिले में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है. गैस सिलेंडरों की काला बाजारी की रोकथाम के लिये जिले में राजस्व एवं खाद्य विभाग तथा पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है.
पट्टों का नवीनीकरण नहीं कराने वालों पर करें कार्रवाई
जिले में पदस्थ राजस्व निरीक्षकों को अपर कलेक्टर अभिषेक गहलोत ने राजस्व वसूली में गति लाने के निर्देश दिये हैं. उन्होंने बड़े बकायादारों राजस्व वसूली में सख्ती बरतने के निर्देश भी राजस्व निरीक्षकों को दिये.
आज मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में सीईओ व अपर कलेक्टर राजस्व वसूली की समीक्षा के लिये आयोजित को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने राजस्व निरीक्षकों को बकायदारों को अंतिम सूचना पत्र जारी कर उनसे राजस्व की बकाया राशि का शासन के पक्ष में भुगतान सुनिश्चित कराने तथा तय समय के भीतर राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई करने कहा.
अपर कलेक्टर ने ऐसे बड़े बकायादारों से वसूली में सख्ती बरतने के निर्देश राजस्व निरीक्षकों को दिये हैं, जिन्होंने अवधि समाप्त होने के बाद भी पट्टों का नवीनीकरण नहीं कराया है.
बैठक में राजस्व निरीक्षकों को गोरखपुर, आधारताल और राँझी तहसील के बड़े बकायादारों की सूची भी सौंपी गई और उन्हें अंतिम नोटिस जारी कर डायवर्सन राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने कहा गया. बड़े बकायादारों की सूची में गोरखपुर तहसील के 46, आधारताल तहसील के 30 तथा राँझी तहसील के 5 बकायेदार शामिल हैं.

