Sagar Wall Collapse: सागर में मंदिर के पास शिवलिंग बनाने में व्यस्त थे बच्चे, सीएम मोहन यादव ने 2 लाख आर्थिक सहायता का ऐलान किया।
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: सुप्रिया
मध्य प्रदेश के सागर जिले के अंतर्गत शाहपुरा में मंदिर के पास पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर रहे बच्चों के ऊपर जर्जर दीवार गिर गई, जिसके कारण भीषण हादसा हो गया और दीवार की चपेट में आए 9 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि 4 गंभीर घायल हैं. मरने वालों में 10 से 14 साल के बच्चे बताए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना को लेकर शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है.
स्कूल के छात्रों पर गिरी दीवार
सागर जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शाहपुरा इलाके में हरदोई शिव मंदिर पर बड़ी संख्या में स्कूल के विद्यार्थी शिवलिंग बनाने के लिए जमा हुए थे. यहां पर सावन के महीने में भगवान शिव की आराधना के साथ-साथ भागवत कथा का भी आयोजन चल रहा है.
मंदिर के जिस परिसर में बैठकर विद्यार्थी भगवान के शिवलिंग बना रहे थे उसके पास मल्लू कुशवाहा नामक व्यक्ति का मकान था जो कि काफी पुराना था.
इस मकान की दीवार तेज बारिश की वजह से कमजोर हो गई थी, जिसके ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव मौके पर पहुंचे और राहत कार्य तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए.
मरने वाले बच्चों में इनकी हुई पहचान
इस घटना में जिन बच्चों की मौत हुई है, उनमें दिव्यांश, वंश, नितेश, ध्रुव, दिव्यराज, सुमित प्रजापति, खुशी, पर्व विश्वकर्मा नाम के मासूम शामिल हैं. वहीं, घायलों में कुछ बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जिनका उपचार जारी है. इस घटना को लेकर जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

