Paris Olympics 2024: भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक के 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कैटेगिरी के फाइनल में जगह बना ली.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Vinesh Phogat In Paris Olympics 2024: विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने पेरिस ओलंपिक 2024 के महिला कुश्ती 50 किलोग्राम कैटेगिरी के फाइनल में जगह बनाई. विनेश ने सेमीफाइनल में क्यूबा की युस्नीलिस गुजमैन को 5-0 से हराकर फाइनल की तरफ कदम बढ़ाया. इस जीत के साथ विनेश ने भारत के लिए एक और मेडल कंफर्म कर दिया. वहीं इस जीत के साथ विनेश ने भारत के 16 सालों का सिलसिला भी बरकरार रखा है. दरअसल, पिछले 16 सालों से भारत ने कुश्ती में ओलंपिक पदक ज़रूर जीता है.
2008 ओलंपिक से भारत ने कुश्ती में हर बार जीता मेडल
भारत ने भले ही 2008 से अब तक हर ओलंपिक में कुश्ती में मेडल ज़रूर जीता है, लेकिन एक बार भी गोल्ड हाथ नहीं आ सका है. हालांकि इस बार विनेश फोगाट से गोल्ड की उम्मीद है. अगर विनेश गोल्ड ले आती हैं, तो वह ओलंपिक में भारत के लिए कुश्ती में गोल्ड जीतने वाली पहली पहलवान बन जाएंगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि आज विनेश के हाथ क्या लगता है.
विनेश फोगाट ने इस तरह फाइनल में बनाई जगह
बता दें कि विनेश फोगाट 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कैटेगिरी में मैदान पर उतरी थीं. बीते मंगलवार (06 अगस्त) विनेश मैदान पर आईं. उन्होंने सबसे पहला मुकाबला राउंड-16 का खेला, जिसमें उनका सामना जापान की युई सुसाकी से हुआ. विनेश ने युई सुसाकी को 3-2 से हराकर अगले यानी क्वार्टर फाइनल राउंड में जगह बनाई. क्वार्टर फाइनल में विनेश का सामना यूक्रेन की ओक्साना लिवाच से हुआ. विनेश ने ओक्साना को 7-5 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली.
फिर सेमीफाइनल में विनेश की भिड़ंत क्यूबा की युस्नीलिस गुजमैन से हुई. युस्नीलिस को विनेश ने 5-0 से हराकर फाइनल में कदम रख दिया. फाइनल में पहुंचने के साथ उन्होंने भारत के लिए मेडल भी कंफर्म कर दिया. अब विनेश गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबला युनाइटेड स्टेट्स की सारा हिल्डेब्रांट से खेलेंगी.
अब बस ओलंपिक मेडल का इंतजार
विनेश के पास ओलंपिक छोड़ हर बड़े खेल का पदक है. इसमें राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण, एशियाई खेल का खिताब, विश्व चैंपियनशिप के दो कांस्य के साथ एशियाई चैम्पियनशिप के आठ पदक शामिल हैं. वह रियो और टोक्यो ओलंपिक में हालांकि पदक नहीं जीत सकी थी. भारत के राष्ट्रीय कोच वीरेंद्र दहिया ने अंतिम पंघाल के ड्रॉ के लिए रवाना होने से पहले कहा,”यह एक चमत्कार है, विनेश ने आज जो किया है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है. निशा की चोट के कारण सोमवार का दिन बहुत दुखद था, लेकिन विनेश ने उस दर्द को कुछ कम किया है.”
प्रतिद्वंदियों भी विनेश की जीत से हुए खुश
जापान की पहलवान के खिलाफ जीत के बाद सिर्फ भारतीय खेमा ही नहीं बल्कि ड्रॉ के इस हाफ में शामिल अन्य पहलवान भी जश्न मना रहे थे. विनेश के खिलाफ अंतिम आठ में 5-7 की करीबी हार के बाद लिवाच ने कहा,”विश्व चैंपियन के बाहर होने के बाद, मुझे लगा कि अब मेरे पास बेहतर मौका होगा लेकिन विनेश बहुत मजबूत थी. मैंने पूरा दमखम लगाने की कोशिश की लेकिन मैं कुछ गलतियां भी कर बैठी.”
और आखिरी सेकेंड में विनेश ने पलटी बाजी
सुसाकी के पास विनेश के खिलाफ मुकाबले में आखिरी कुछ सेकेंड से पहले तक 2-0 की बढ़त थी. विनेश अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल कर आखिरी नौ सेकेंड में जापान की चैम्पियन पहलवान को टेकडाउन कर दो अंक हासिल करने में सफल रही. जापान की टीम ने इसके खिलाफ अपील भी की लेकिन रेफरी ने वीडियो रीप्ले देखने के बाद उसे खारिज कर दिया जिससे विनेश को एक और अंक मिला और उन्होंने 3-2 से जीत हासिल कर ली.

