Katni News: इस रूह कंपा देने वाली वीडियो के सामने आने के बाद एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
By : DB News Update | Edited By: सुप्रिया
Katni Viral Video: मध्य प्रदेश के कटनी जीआरपी पुलिस द्वारा एक दलित महिला और नाबालिग की पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद हर किसी के रौंगटे खड़े हो जाएं. वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि एक जीआरपी महिला टीआई महिला और लड़के को बुरी तरह डंडे से पीट रही है. यही नहीं कई पुलिसकर्मी भी जमकर डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं. वहीं इस वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव और उनकी सरकार पर जमकर हमला बोला है.
घटना स्तब्ध करने वाली
जीतू पटवारी ने एक्स हैंडल पर लिखा, “कटनी की वीभत्स घटना से पूरा मध्य प्रदेश स्तब्ध है. एक दलित मां- बेटे को भाजपा के वर्दी वाले गुंडों ने बंद कमरे में लाठी से पिट पिट कर अर्धमृत कर दिया है. भाजपा के कुशासन में मध्य प्रदेश के दलित भयावह जीवन जीने को मजबूर हैं. अगर मुख्यमंत्री अपने प्रदेश के लोगों की सुरक्षा नहीं कर सकते तो उन्हे तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए.”
सीएम की क्षमता पर सवाल- पटवारी
उन्होंने आगे लिखा, “सागर, सतना, नरसिंहपुर, अशोकनगर और अब कटनी की घटना लगातार मोहन यादव की क्षमता और नियत पर सवाल खड़े करती है. क्या हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री किसी भी दलित परिवार को सुरक्षा दे सकते हैं.? मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी इस असहनीय दुख और दर्द में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और इन्हें न्याय और सुरक्षा दिलाने के लिए हर लड़ाई लड़ने का आश्वासन देते हैं.

