रूस के आर्थिक विकास मंत्रालय ने कहा है कि जून 2025 से भारतीय पासपोर्ट धारक वीजा-फ्री पर्यटन कर सकेंगे
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Russia Visa: रूस साल 2025 से भारतीयों को वीजा फ्री एंट्री दे सकता है. अगर आप रूस यात्रा पर जाने की सोच रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. दरअसल रूस और भारत के बीच वीजा-फ्री टूरिस्ट एक्सचेंज को लागू करने के लिए चर्चा हो रही है. वहीं, इस बाबत रूस के आर्थिक विकास मंत्रालय ने कहा है कि जून 2025 से भारतीय पासपोर्ट धारक वीजा-फ्री पर्यटन कर सकेंगे.
इस कदम को रूस के साथ मजबूत संबंधों के कारण भारत को प्राथमिकता वाले बाजार के रूप में देखा जाता है. इसके पीछे रूस का मकसद है कि वीजा-फ्री यात्रा से दोनों देशों के बीच पर्यटन बढ़े और संबंध मजबूत हों.
भारतीय बिना वीजा जा सकेंगे रूस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस के नए वीजा नियम लागू होने के बाद भारतीय बिना वीजा के रूस जा सकते हैं. पिछले दिनों खबर आई थी कि रूस और भारत ने एक-दूसरे के लिए वीज़ा प्रतिबंधों को कम करने के लिए द्विपक्षीय समझौते पर चर्चा की है. बताते चलें कि भारतीय अगस्त 2023 से रूस की यात्रा करने के लिए ई-वीजा के लिए एलिजबल हैं. हालांकि ई वीजा जारी होने में लगभग चार दिन लगते हैं.
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल जारी किए गए ई-वीजा की संख्या के मामले में भी भारत ने शीर्ष पांच देशों में अपनी जगह बनाई. रूस ने भारतीय यात्रियों को 9,500 ई-वीजा दिए हैं.

