Jammu-Kashmir Election: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी नेताओं में टिकट बंटवारे को लेकर नाराजगी, सांबा के जिला अध्यक्ष कश्मीरा सिंह ने दिया इस्तीफा
Source : MEDIA
By : डीबी न्यूज अपडेट| Edited By: सुप्रिया
Jammu Kashmir Assembly Election 2024: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. दरअसल बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर कई नेता खफा हैं. इसी नाराजगी के चलते सांबा जिले के अध्यक्ष कश्मीरा सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. बताया जा रहा है कि बीजेपी ने सांबा से सुरजीत सिंह सलाथिया को उम्मीदवार बनाया है, जो कि हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं. सुरजीत सिंह मूलत: नेशनल कांफ्रेंस पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए हैं.
क्यों हो रहा है बवाल?
दरअसल, भाजपा के कार्यकर्ता टिकट बंटवारे से नाराज बताए जा रहे हैं. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए जिन भाजपा नेताओं को टिकट नहीं मिला, उनके समर्थक जम्मू में भाजपा कार्यालय पहुंच गए हैं और अपने उम्मीदवार के लिए टिकट की मांग कर रहे हैं। कार्यकर्ता जंकर नारेबाजी भी कर रहे हैं.
बीजेपी के सीनियर नेताओं का इस्तीफा
गौरतलब है कि चुनाव से पहले जम्मू और कश्मीर बीजेपी में कई नेता विरोध के सुर उठा रहे हैं. यहां टिकट बंटवारा पार्टी के लिए बड़ी मुसीबत बनता दिख रहा है. बीजेपी के सीनियर नेताओं को टिकट न मिलने की नाराजगी है. इसी के चलते 50 साल से बीजेपी के साथ रहे चंदर मोहन शर्मा ने भी अब साथ छोड़ दिया है. इसके अलावा, कटरा की वैष्णो देवी सीट से नेता रोहित दुबे भी नाराज हैं. माना जा रहा है कि दोनों ही नेता कोई और पार्टी जॉइन करने के बजाय निर्दलीय ही चुनाव लड़ सकते हैं.
एससी मोर्चा के अध्यक्ष ने लगाया आरोप
बीजेपी जम्मू-कश्मीर एससी मोर्चा के अध्यक्ष जगदीश भगत ने कहा कि मैं पिछले 18 सालों से बीजेपी के लिए पूरे दिन काम कर रहा हूं लेकिन आज मेरे साथ अन्याय हुआ है. एसएसपी मोहन लाल 2 दिन पहले बीजेपी में शामिल हुए थे और उन्हें मैंडेट दे दिया गया. अगर इस मैंडेट को रोका नहीं गया तो बीजेपी को खामियाजा भुगतना होगा.
भाजपा अध्यक्ष क्या बोले?
जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा है कि बीजेपी के सभी पार्टी कार्यकर्ता जो यहां एकत्र हुए हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं. पार्टी का हर कार्यकर्ता हमारे लिए महत्वपूर्ण है. रविंदर रैना ने कहा कि मैं हर किसी से मिलूंगा, मैं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिल रहा हूं. अगर पार्टी का कोई कार्यकर्ता परेशान है या कोई समस्या है तो हम बैठकर समाधान निकालेंगे.
टिकट न मिलने की वजह से बीजेपी नेताओं में नाराजगी
कश्मीरा सिंह के पहले चंद्रमोहन शर्मा ने भी बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था. इस्तीफा देने के बाद शर्मा ने कहा वे लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हुए हैं और जनसंघ के लिए कई बार जेल भी गए, पार्टी की तरफ से सोच समझकर टिकट नहीं दी गई. उन्होंने जम्मू कश्मीर बीजेपी इकाई पर सही उम्मीदवारों की लिस्ट नहीं भेजने का आरोप लगाया. इसके साथ ही उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा की.
जम्मू में बीजेपी कार्यकर्ता लगातार हर दिन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका कहना है कि उन्हें कोई बाहरी उम्मीदवार नहीं चाहिए. जिन्हें बीजेपी ने उम्मीदवार घोषित किया है. कार्यकर्ता उन्हें बदलने की मांग कर रहे हैं. इस बीच बीजेपी के तमाम बड़े नेताओं का पार्टी से इस्तीफे का क्रम जारी है. पिछले दो दिनों में चंद्रमोहन शर्मा, कश्मीरा सिंह और युद्धवीर सेठी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर विवाद थम नहीं रहा है.
सुरजीत सिंह 2021 में BJP में हुए थे शामिल
नेशनल कॉन्फ्रेंस से बीजेपी में शामिल हुए जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया की उम्मीदवारी का विरोध करते हुए सिंह ने कहा कि भारी मन से मैं उस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं. जिसके लिए मैंने 42 साल तक काम किया है. मैं परिस्थितियों के कारण मजबूर था.
पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया ने कहा कि बीजेपी ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया जो नेशनल कॉन्फ्रेंस से आया था. दशकों तक हमारी विचारधारा का मुखर विरोध करता रहा. उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली कांग्रेस-एनसी गठबंधन सरकार में मंत्री रहे सलाथिया 2021 में बीजेपी में शामिल हो गए थे.
