कलेक्टर-एसपी कर रहे लोगों को जागरूक; रोजाना आ रहे 25-30 मामले, कलेक्टर दीपक सक्सेना और एसपी संपत उपाध्याय ने वीडियो में लोगों को जानकारी दी है कि साइबर ठग पुलिस एवं अन्य जांच एजेंसियों का डर दिखाकर किस तरह उनसे रुपयों की डिमांड करते हैं।
Source : DB News Update
By DB news updates/edited By- prince awasthi
cyber crime Jabalpur: जबलपुर में लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन ने लोगों को जागरूक करने की मुहिम शुरू की हैं।कलेक्टर दीपक सक्सेना और एसपी संपत उपाध्याय द्वारा वीडियो जारी कर लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के प्रति सचेत किया जा रहा है। बता दें जबलपुर में साइबर क्राइम से संबंधित रोजाना 25 से 30 मामले आ रहे हैं।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा
साइबर क्राइम एवं डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं के प्रति जागरुक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी झांसे में फंसे बिना और जागरुक रहकर साइबर क्राइम एवं डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है। कलेक्टर श्री सक्सेना ने सीबीआई, इनकम टैक्स, ईडी, सीआईडी एवं पुलिस का हवाला देकर डिजिटल अरेस्ट की घटनाएं होने पर निकटवर्ती पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 में तत्काल सूचना देने की बात भी कही है। उन्होंने नागरिकों की हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिया है।
एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि
साइबर अपराधी किसी को भी अपना शिकार बना सकते हैं। इसलिए सभी को स्वयं अपनी और अपने डेटा की सुरक्षा पर ध्यान देना आवश्यक है। कुछ आसान सावधानियों और सतर्कता से लोग साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकते हैं।
बढ़ रहे हैं साइबर फ्रॉड के मामले
जबलपुर में बीते दिनों में डिजिटल अरेस्ट और साइबर फ्रॉड के कई मामले सामने आए हैं। जिसमें साइबर ठगों ने आम जनता के साथ ही शासकीय विभागों के कुछ कर्मचारियों-अधिकारियों को भी अपना निशाना बनाया है।
कलेक्टर दीपक सक्सेना और एसपी संपत उपाध्याय ने वीडियो में लोगों को जानकारी दी है कि साइबर ठग पुलिस एवं अन्य जांच एजेंसियों का डर दिखाकर किस तरह उनसे रुपयों की डिमांड करते हैं। एक तरह से उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया जाता है, कलेक्टर-एसपी ने कहा कि ऐसी स्थिति में लोग उनके झांसे में ना आए बल्कि इसकी शिकायत तत्काल पुलिस थाने में या फिर 1930 नंबर पर सूचना दें। जिससे तत्काल ही उनके पास पुलिस की मदद पहुंच जाएगी और वह इस फ्रॉड से बच सकेंगे।
MRM पोर्टल’ का साइबर सेल जबलपुर सक्रिय
“साइबर फ्रॉड में होल्ड हुई राशि का त्वरित पीड़ित के खाते में रिफंड हेतु ‘MRM पोर्टल’ का साइबर सेल जबलपुर द्वारा सफल संचालन” किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत I4C – Indian Cyber Crime Coordination Centre द्वारा साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की ठगी गई राशि का त्वरित रिफंड सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “MRM पोर्टल” (Money Restoration Module) विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से पुलिस एवं संबंधित बैंकों के बीच समन्वय स्थापित कर साइबर ठगी से संबंधित राशि को शीघ्रता से ट्रेस एवं होल्ड कराने तथा पीड़ित को राशि रिफंड दिलाने की दिशा में त्वरित कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशन में साइबर सेल एवं समस्त थानों द्वारा NCRP पोर्टल के माध्यम से साइबर फ्रॉड संबंधी शिकायतों में होल्ड की गयी 50,000/- रुपये से कम की राशि को “MRM पोर्टल” के माध्यम से पीड़ित को वापस दिलाये जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें
जबलपुर पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो बिना विलंब सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
नोट: साइबर क्राइम संबंधित घटना घटित होने की सूचना साइबर सेल जबलपुर के हेल्पलाइन नंबर 7701050010 अथवा राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
नए-नए तरीको से जागरूक करने की मुहिम
पुलिस कन्ट्रोलरूम जबलपुर में पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए-नए तरीकों के प्रति जागरूक करने हेतु 15 दिवसीय ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ विशेष जन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री आयुष जाखड़ (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमति अनु बेनिवाल़ (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 सुश्री अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा, एवं समस्त राजपत्रित अधिकारी तथा थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
