वोट चोरी के आरोप को लेकर मामला और ज्यादा गंभीर होने वाला है, विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Election Commission: वोटर वेरिफेकशन और वोट चोरी के आरोप पर विपक्ष संसद में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में जुट गया है. कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन ने भी न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि पार्टी जरूरत पड़ने पर महाभियोग प्रस्ताव समेत सभी लोकतांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल करने के लिए तैयार है. हालांकि अभी तक कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है.
इधर, संसद में सोमवार को भी लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा. विपक्ष ने लोकसभा में बिहार वोटर वेरिफिकेशन को लेकर नारेबाजी की. सांसदों ने वोट चोर गद्दी छोड़ और वी वॉन्ट जस्टिस के नारे लगाए.
लोकसभा स्पीकर की चेतावनी के बावजूद हंगामा जारी रहा. इसके चलते लोकसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी. इधर, राज्यसभा भी विपक्ष के हंगामे के बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है.
इसके साथ ही INDIA गठबंधन के नेता सोमवार (18 अगस्त) शाम को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोला चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने रविवार (17 अगस्त) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. उसने कहा था कि वोट चोरी का आरोप झूठा है और इससे न आयोग डरता है और न ही मतदाता. आयोग ने लोगों से अपील की थी कि वे अपने मतदान के अधिकार का जरूर इस्तेमाल करें. चुनाव आयोग ने इससे पहले राहुल गांधी के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए उनसे सबूत मांगे थे.

