भारत ने 12 साल बाद एक बार फिर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है. भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर 25 साल पुराना हिसाब भी बराबर किया.
By : DB News update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
IND vs NZ Final Match : भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया है और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है. 12 साल के बाद टीम इंडिया दोबारा चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है. भारत ने लगातार दूसरे साल कोई ICC ट्रॉफी पर कब्जा जमाते हुए दुबई में तिरंगा लहरा दिया है. इससे पहले भारतीय टीम ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था. टीम इंडिया की जीत में रोहित शर्मा की 76 रन, श्रेयस अय्यर की 48 रन और अंतिम ओवरों में हार्दिक पांड्या की 18 रन की पारी का बड़ा योगदान दिया.
पूरी टीम इंडिया ने किया कमाल
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए स्कोरबोर्ड पर 251 रन टांग दिए थे. कीवियों के लिए सबसे अधिक रन डेरिल मिचेल ने बनाए, जिन्होंने 63 रन की पारी खेली. मगर टीम इंडिया को न्यूजीलैंड की पारी के आखिरी 10 ओवर जरूर चुभे क्योंकि कीवियों ने आखिरी 10 ओवरों में 79 रन ठोक डाले थे. माइकल ब्रेसवेल ने 40 गेंद में 53 रनों की पारी खेलकर न्यूजीलैंड को 251 रनों तक पहुंचाया था.
रोहित शर्मा और शुभमन गिल की शानदार शुरुआत
252 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई. रोहित और गिल के बीच 105 रनों की शानदार पार्टनरशिप हुई. गिल ने 31 रन और रोहित शर्मा ने 76 रनों की पारी खेली. गिल और विराट का विकेट गिरने से टीम इंडिया दबाव में आ गई थी, ऐसे में श्रेयस अय्यर ने 48 रनों की पारी खेल भारतीय टीम से दबाव को थोड़ा कम किया. आखिरी ओवरों में हार्दिक पांड्या ने 18 रन की छोटी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण पारी खेली. केएल राहुल ने भी 34 रनों का अतुलनीय योगदान रहा.
रोहित का सेलिब्रेशन
रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद जिस पिच पर इतिहास लिखा था पहले उसकी मिट्टी का स्वाद चखा उसके बाद उन्होंने उसी पिच पर भारत का तिरंगा गाड़ दिया. रोहित शर्मा का ये गेस्चर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं दूसरी ओर कल जब वे आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के विजेता बने तो उन्होंने भारतीय तिरंगे को ओढ़ लिया और ट्रॉफी को चूमते हुे तस्वीर खिंचवाई.
10 महीने के अंदर भारत ने जीती दूसरी आईसीसी ट्रॉफी
रोहित शर्मा के जश्न को अंदाज को देखकर भारतीय फैंस की आंखे भर आईं. टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का सूखा खत्म करने के लिए 12 साल इंतजार किया फिर जाकर ये दिन आया. रोहित शर्मा एंड कंपनी ने दुबई में अपनी दंबगई साबित करते हुए फाइनल मुकाबले को 4 विकेट से जीता. आपको बता दें कि टीम इंडिया ने 10 महीने के अंदर दूसरी आईसीसी ट्रॉफी जीती है और वो भी अजेय रहते हुए। दोनों टूर्नामेंट में टीम इंडिया फाइनल मुकाबले तक अजेय रही है.
भारत के मैचों की मेजबानी दुबई ने क्यों की?
पाकिस्तान के साथ राजनीतिक तनाव के कारण भारत के 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के मैच दुबई में आयोजित किए गए थे. 2008 के मुंबई हमलों के बाद से, भारत ने सुरक्षा चिंताओं के चलते पाकिस्तान का दौरा करने से परहेज किया है, जिसके परिणामस्वरूप एक हाइब्रिड मेजबानी मॉडल अपनाया गया जिसमें भारत के मैचों को एक तटस्थ स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया.
भारत की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, आईसीसी ने संभावित फाइनल सहित अपने सभी मैच दुबई में निर्धारित किए। इससे भारत को सरकारी सलाहों का उल्लंघन किए बिना टूर्नामेंट की निष्पक्षता बनाए रखते हुए प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला.
दो बार ICC टूर्नामेंट के फाइनल में भिड़ंत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अभी तक दो बार ICC टूर्नामेंट के फाइनल में भिड़ चुकी है, जिसमें दोनों बार भारत को हार का सामना करना पड़ा है. पहली बार साल 2000 में, न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर अपनी पहली चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का इतिहास रचा था. इसके बाद, 2021 में, न्यूजीलैंड ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में भारत को हराकर दूसरा बड़ा खिताब जीता था. ऐसे में भारत के पास चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में कीवियों को हराकर इन दोनों हार का बदला ले लिया है.

