एमपी में मऊगंज जिले के ग्राम घुरेहटा में एक औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा. इस पार्क का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, रोजगार के अवसर पैदा करना और विकास को बढ़ावा देना है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Agriculture Model in MP : मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की बंजर जमीन अब किसानों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है. मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मऊगंज की इस जमीन की रजिस्ट्री पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण को सौंपी है. इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण ने कहा, ”परियोजना से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे.यह पहल न केवल कृषि क्षेत्र को मजबूत करेगी, बल्कि रोजगार सृजन, सामाजिक विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी. यह परियोजना मऊगंज और विंध्य क्षेत्र के लिए एक नई शुरुआत है, जो किसानों की मेहनत को समृद्धि में बदलने का वादा करती है.
इस जमीन को पतंजलि योगपीठ के सहयोग से उपजाऊ बनाया जाएगा, जिससे किसानों की समृद्धि होगी और विंध्य क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा.
किसानों की खुशहाली का सपना होगा पूरा- बालकृष्ण
रजिस्ट्री मिलने के बाद आचार्य बालकृष्ण ने इस जमीन का दौरा किया और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की. मीडिया से बातचीत में आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव के मार्गदर्शन में पतंजलि योगपीठ किसानों की खुशहाली का सपना पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि यह परियोजना न केवल किसानों की आय बढ़ाएगी, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र में विकास को गति देगी.
दरअसल पतंजलि ने मऊगंज जिले के ग्राम घुरेहटा में एक औद्योगिक पार्क विकसित करने की योजना बनाई है. इस पार्क का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, रोजगार के अवसर पैदा करना और क्षेत्र में आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है. इसके साथ ही इस पहल से स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और कौशल विकास का लाभ भी मिलेगा.

