400 पार का नारा देश में फेल, आरएसएस नाराज, नसीहत देते हुए मर्यादा का पालन करते हुए कार्य करने के लिए दिया गया था संदेश
नई दिल्ली.
लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा लगा रही बीजेपी बहुमत का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है। इस लोकसभा चुनाव में बीजेपी 240 सीटों पर ही सिमट गई। चुनाव के नतीजों से साफ हो गया हो गया कि इस बार पार्टी को उत्तर प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों में भी काफी नुकसान हुआ है। जिसके बाद संघ प्रमुख मोहन भागवत ने केंद्र सरकार को नसीहत भी दी कि जो मर्यादा का पालन करते हुए कार्य करता है लेकिन अहंकार नहीं करता है वही सही में सेवक कहलाता है।
संघ प्रमुख के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में अटकलें तेज हो गईं कि बीजेपी और संघ के बीज कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ऐसे में अब अगले महीने होने वाली संघ की समन्वय बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं क्योंकि इसमें बीजेपी संगठन महासचिव भी शामिल होंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि संघ और बीजेपी के रिश्तों में आई खटास की जो बातें हो रही हैं वो भी खत्म हो जाएंगी।
कहां होगी RSS की समन्वय बैठक
आरएसएस की समन्वय बैठक अगले महीने 31 जुलाई से 2 अगस्त तक होगी। ये बैठक केरल में होने जा रही है। इस लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने पहली बार केरल में त्रिशूर सीट पर जीत हासिल करके सबको चौंका दिया। ऐसे में अब केरल में होने वाली इस बैठक से विरोधियों को एक पैगाम भी जाएगा कि संघ और बीजेपी दोनों के रिश्ते किसी भी तरह की कोई खटास नहीं आई है। वहीं इससे बीजेपी को साउथ में अपनी पकड़ भी मजबूत करने में मदद मिलेगी।
तीन राज्यों में होने हैं विधानसभा चुनाव
आरएसएस की इस समन्वय बैठक में लोकसभा चुनाव में मिली कम सीटों के साथ ही आने वाले विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा हो सकती है। क्योंकि इससे पहले जब संघ की ये बैठक साल 2023 के सितंबर में हुई थी और उसमें लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई थी। बता दें कि हरियाणा, महाराष्ट्र और फिर झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में अब लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गई है।

