समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करने के लिए कहा
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP Jabalpur News: जबलपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभागार में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिसमें कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता से जुड़े विषयों से संबंधित प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना है. उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम गैरीसन ग्राउंड में प्रस्तावित है, जिसमें संभाग के सभी जिलों के लोग आयेंगे. इस गरिमामय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें. विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण की सूची जल्दी ही सनिश्चित की जाये, ताकि उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित की जा सके. इसके अलावा पीडीएस दुकानों के हेंडओव्हर व उन्हें संचालित करने के संबंध में चर्चा भी की.
इन कामों पर फोकस करने की दिशा में दिए निर्देश
- – एसएसजी की महिलाओं की ट्रेनिंग सुनिश्चित की जाये.
- -खाद्यान्न वितरण, दुकानों के सत्यापन करें.
- -संबल प्रकरणों के अपील के निराकरण करें.
- – समग्र ई-केवायसी की जाए.
- – कोदो-कुटकी पंजीयन और ई-टोकन पर ध्यान दें.
- – पीएम स्वनिधि व स्वरोजगार योजनाएं, छात्रावासों के निरीक्षण करने पर जोर दिया.
- – सड़क सुधार से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. और कार्य में प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया.
ई-केवायसी पर प्रगति लाएं
कलेक्टर श्री सिंह ने समग्र ई-केवायसी में प्रगति लाने के लिए जनपद व नगरीय निकायवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसे अभियान चलाकर करें. इसी प्रकार कोदो-कुटकी पंजीयन में भी अभियान चलाकर कार्य करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि पीडीएस दुकानों के सत्यापन प्राथमिकता से करें. पेयजल आपूर्ति के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइप लाइन बिछाने के कार्य में प्रगति लायें तथा इस कार्य में आ रही बाधाओं को संबंधित अधिकारी मिलकर सुलझायें.
इस दौरान नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे. फील्ड स्तर के अधिकारी भी वीसी के माध्यम से इस बैठक में जुड़े थे.
जनसुनवाई में आये 144 आवेदन
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार 4 नवंबर को कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों ने अपने विभिन्न समस्याओं को लेकर 144 आवेदन दिये. जिसमें 98 नये आवेदन हैं तथा 46 ऐसे आवेदन है जो पूर्व में भी आ चुके थे. जनसुनवाई में आये ज्यादातर संबल योजना अंतर्गत सहायता, पात्रता पर्ची व राशन दुकान बदलने, छात्रवृत्ति दिलाने, अवैध कब्जा, नाली सफाई, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण, पेंशन, पीएम किसान योजना में शामिल करने, आर्थिक सहायता, लड़ाई-झगड़ा, समग्र आईडी आदि से संबंधित आवेदन थे.

