डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में सोशल मीडिया पर दो मैप शेयर किए हैं, जिनमें उन्होंने कनाडा को अमेरिका के हिस्से के रूप में दर्शाया है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Trump On Justin Trudeau Resign: डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दो मैप शेयर किए हैं, जिनमें उन्होंने कनाडा को अमेरिका के हिस्से के रूप में दर्शाया है. इन मैप्स से उन्होंने अपने इरादों को स्पष्ट किया है कि वे कनाडा को अमेरिका में शामिल करना चाहते हैं. हालांकि, ट्रंप की इस हरकत पर कनाडाई नेता भड़क गए हैं. यहां बताना जरूरी है कि डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण से पहले ही अपने कामों की योजना बनानी शुरू कर दी है. उनके एजेंडे में एक प्रमुख काम कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाना है. इसको लेकर वो कई बार जिक्र कर चुके हैं. अब उन्होंने मैप जारी किया है, जिस पर कनाडाई नेताओं और जनता ने तीखी प्रतिक्रिया दी हैं.
जस्टिन ट्रूडो ने प्रस्ताव को खारिज किया
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने ट्रंप के इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है. ट्रूडो ने साफ शब्दों में कहा कि कनाडा के अमेरिका का हिस्सा बनने की कोई संभावना नहीं है. उनका कहना है कि कनाडा एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है और वह ऐसे किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेगा.
कनाडा के नेताओं की प्रतिक्रिया
कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने भी ट्रंप के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने ट्वीट किया कि ट्रंप की टिप्पणियों से पता चलता है कि उन्हें कनाडा की ताकत और स्वतंत्रता की पूरी समझ नहीं है. जोली ने यह भी कहा कि कनाडा कभी भी धमकियों के आगे नहीं झुकेगा.
विपक्ष के नेता पियर पॉलिवेयर का बयान
कनाडा में विपक्ष के नेता पियर पॉलिवेयर ने भी ट्रंप के प्रस्ताव की निंदा की है. उन्होंने कहा कि कनाडा एक महान और स्वतंत्र देश है और अमेरिका का सबसे अच्छा दोस्त है, लेकिन यह उसकी संप्रभुता के खिलाफ है.

