पुलिस वालों ने 2 छोटे बच्चों के साथ एक शख्स को जिंदा निकाला, फ्लैट में लगी थी आग, इमारत की तीसरी मंजिल पर फंसे 4 और 7 साल के 2 बच्चों और 1 शख्स की जान बचाई जा सकी.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
नई दिल्ली.दिल्ली पुलिसकर्मियों की बहादुरी और तुरन्त एक्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नाजुक मौकों पर सूझबूझ से बड़े हादसे को टाला जा सकता है. दिल्ली के पुलिसवालों की दिलेरी से आग लगने के बाद जलते हुए फ्लैट में फंसे 2 छोटे बच्चों और 1 शख्स की जान बचा ली गई. दिल्ली पुलिस के मुताबिक पुलिस स्टेशन मालवीय नगर के पुलिसकर्मियों की तुरन्त कार्रवाई और बहादुरी से मालवीय नगर इलाके में आग लगने वाली एक इमारत की तीसरी मंजिल पर फंसे 4 और 7 साल के 2 बच्चों और 1 शख्स की जान बचाई जा सकी.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 14 जून को दोपहर करीब 2.28 बजे थाना मालवीय नगर में एक घर की तीसरी मंजिल पर आग लगने के बारे में एक पीसीआर कॉल मिली थी. बीट स्टाफ हेड कांस्टेबल नरेंद्र और पीसीआर स्टाफ हेड कांस्टेबल कपिल राठी तुरंत मौके पर पहुंचे. मौके पर उन्होंने देखा कि एक मकान की तीसरी मंजिल पर आग लगी हुई थी और लपटें काफी ऊंची थीं.
आग के कारण खतरे में थीं 3 जिंदगियां
आग के कारण इमारत में धुआं भर गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए बिना समय गंवाए आसपास के सभी फ्लैटों को खाली करा दिया गया. दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं. इस बीच पता चला कि 4 और 7 साल के दो छोटे बच्चे जलते हुए फ्लैट के अंदर फंसे हुए थे. फ्लैट के सामने की तरफ से आग तेज लपटों के साथ धधक रही थी. तुरंत बिना समय गंवाए पुलिस कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए फ्लैट की पिछली दीवार तोड़ दी.
पुलिस को दोपहर में मिली सूचना
पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:28 मिनट पर मालवीय नगर स्थित एक घर के तीसरे तल पर आग लगने की सूचना मिली। इस पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। यहां तीसरी मंजिल पर भयंकर आग लगी थी। आग लगने की वजह से पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। पुलिस वालों ने सभी फ्लैट खाली कराए। इस दौरान दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दो बच्चों सहित तीन की बचाई जान
प्रत्यक्ष दर्शियों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को बताया कि जिस फ्लैट में आग लगी है उसमें दो बच्चे एक चार साल और दूसरा सात साल फंसे हुए हैं। यह सुनते ही पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। वह तुरंत तीसरे तल पर पहुंच गए.
पुलिसकर्मियों ने फ्लैट के पीछे बनी दीवार को तोड़ना शुरू किया और कुछ ही देर में दीवार का एक हिस्सा तोड़ डाला और फ्लैट के अंदर गए। पुलिसकर्मियों ने कमरे में फंसे दोनों बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया। फ्लैट में बच्चों के अलावा एक अन्य शख्स भी फंसा हुआ था। जिसे पुलिस ने सुरक्षित निकाल लिया।
दमकल कर्मियों ने एक घंटे के बाद पाया आग पर काबू
मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो दमकल गर्मियों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने करीब 40 मिनट तक पानी की बौछार की। अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसको लेकर दमकल विभाग और फॉरेंसिक टीम अपने स्तर पर जांच कर रही है।
जान की परवाह किए बिना फंसे लोगों को निकाला
अपनी जान की परवाह किए बिना पुलिस वाले कमरे में घुस गए और जलते हुए फ्लैट से दोनों बच्चों और एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला. दमकल की गाड़ियों ने आग की लपटों को बाद में पूरी तरह से बुझा दिया. पुलिस कर्मचारियों की सूझबूझ और साहस के कारण कीमती जानें बच गईं.

