CRPF स्कूल के बाहर धमाका हुआ, दुकानों के शीशे टूटे, एनआईए करेगी जांच
By : DB News Update| Edited By : प्रिंस अवस्थी
नई दिल्ली.
Delhi Bomb Blast: दिल्ली को दिवाली से पहले दहलाने की कोशिश की गई, रोहणी क्षेत्र में हुए बम ब्लास्ट के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर है. रोहिणी जिले के प्रशांत विहार इलाके में स्थित सीआरपीएफ (CRPF) स्कूल के पास रविवार (20 अक्टूबर 2024) को हुए धमाके की जांच की जिम्मेदारी अब केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है. इस बीच स्कूल ब्लास्ट पर गृह मंत्रालय ने जांच एजेंसियों से ब्लास्ट पर रिपोर्ट मांगी है.
फॉरेंसिक टीम व एनएसजी कमांडो कर रहे जांच
दिल्ली के रोहिणी इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के पास सुबह जोरदार धमाका हुआ था. धमाके से आसपास की दुकानों और खिड़कियों को नुकसान पहुंचा. धमाके के बाद सफेद धुआं दिखाई दिया. पुलिस, फोरेंसिक टीम और एनएसजी कमांडो मौके पर पहुंच कर जांच कर रहे हैं. धमाके में हाई इंटेसिटी वाले सफेद पाउडर का इस्तेमाल किया गया.
200 मीटर तक धुआं ही धुआं
NSG कमांडो ने भी घटना स्थल पर मोर्चा संभाल रखा है. एक चश्मदीद ने बताया, ब्लास्ट के बाद 200 -250 मीटर तक आसपास सिर्फ धुआं ही धुआं नजर आ रहा था. बदबू बहुत आ रही थी। गाड़ियों के शीशे और दुकानों के नेम प्लेट तक टूट गए थे। काफी दूर तक ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी थी.

