मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव बोले, ‘विश्व में सर्वाधिक घड़ियाल चंबल नदी में’
By : DB News Update | Edited By: Prince Awasthi
MP News: मध्य प्रदेश बाघ, तेंदुआ और घड़ियाल जैसे प्राणियों की सर्वाधिक संख्या वाला प्रदेश है. चीता पुनर्स्थापन करने वाला मध्यप्रदेश एक मात्र प्रदेश है. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में ही नहीं पूरे विश्व में सर्वाधिक घड़ियाल चंबल नदी में पाए जाते हैं. उन्होंने बताया कि विश्व में लगभग तीन हजार घड़ियाल हैं, तो इनमें से 85 प्रतिशत चंबल नदी में हैं.
4 जनवरी से वन्य-जीव पर्यटन को एक नया आयाम मिलेगा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वन्य जीव पर्यटन की दिशा में मध्य प्रदेश महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है. शनिवार 4 जनवरी से वन्य-जीव पर्यटन को एक नया आयाम मिलेगा. सीएम चंबल अभयारण्य का भ्रमण कर चंबल नदी के घड़ियाल अभयारण्य की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर पर्यटन सुविधाओं का जायजा लेंगे.
वन्य-जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित है चंबल
चंबल में घड़ियाल अभयारण्य वन्य-जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित है और इसका मुख्यालय मुरैना में है. घड़ियालों और गंगा डॉल्फिनों का निवास स्थान, पारिस्थितिकी संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है. घड़ियाल, लाल मुकुट वाले कछुए और डॉल्फ़िन यहां पाए जाते हैं. अन्य जानवर जो (दुर्लभ) श्रेणी में हैं, उनमें मगरमच्छ, चिकने-लेपित ऊदबिलाव, धारीदार लकड़बग्घा और भारतीय भेड़िये हैं, जो संरक्षण सूची की अनुसूची-1 में शामिल हैं.

