Shivani Raja: भारतीय मूल की शिवानी राजा ने कंजर्वेटिव पार्टी से लीसेस्टर ईस्ट सीट पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है. इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन की संसद में गीता पर हाथ रखकर पद की शपथ ली.
by-DB News Update
Edited By-सुप्रिया
लंदन.
भारतीय मूल की 29 वर्षीय ब्रिटिश सांसद शिवानी राजा ने ब्रिटेन की संसद में श्रीमद् भगवद् गीता पर हाथ रखकर शपथ ली है. शिवानी राजा गुजराती व्यवसायी हैं. शिवानी ने लीसेस्टर ईस्ट सीट पर कंजर्वेटिव पार्टी के लिए ऐतिहासिक जीत हासिल की. इनके जीतने के बाद इस निर्वाचन क्षेत्र में लेबर पार्टी का 37 साल का वर्चस्व खत्म हो गया. वह भारतीय मूल के लेबर उम्मीदवार राजेश अग्रवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रही थीं.
ब्रिटेन की सांसद के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद शिवानी ने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘लीसेस्टर ईस्ट का प्रतिनिधित्व करने के लिए आज संसद में शपथ लेना सम्मान की बात है. मुझे गीता पर महामहिम राजा चार्ल्स के प्रति अपनी निष्ठा की शपथ लेने पर वास्तव में गर्व है.’ शिवानी की जीत को लीसेस्टर सिटी के हालिया इतिहास से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां साल 2022 में भारत-पाकिस्तान टी-20 एशिया कप मैच के बाद भारतीय हिंदू समुदाय और मुसलमानों के बीच संघर्ष हुआ था.
37 साल बाद लीसेस्टर ईस्ट सीट पर कंजर्वेटिव पार्टी को मिली सफलता
शिवानी राजा ने 14,526 वोट पाकर लंदन के पूर्व डिप्टी मेयर राजेश अग्रवाल को हराया, जिन्हें 10,100 वोट मिले. यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि लीसेस्टर ईस्ट 1987 से लेबर का गढ़ रहा है. शिवानी की जीत से 37 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है जब इस सीट पर कंजर्वेटिव उम्मीदवार को सफलता मिली है.
It was an honour to be sworn into Parliament today to represent Leicester East.
I was truly proud to swear my allegiance to His Majesty King Charles on the Gita.#LeicesterEast pic.twitter.com/l7hogSSE2C
— Shivani Raja MP (@ShivaniRaja_LE) July 10, 2024

