अमेरिका से भारत को गीदड़भभकी देते हुए आसिम मुनीर ने कहा कि हम भारत द्वारा डैम बनाए जाने का इंतजार करेंगे और भारत जब ऐसा कर लेगा तो फिर 10 मिसाइल से फारिग कर देंगे.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Asim Munir: ऑपरेशन सिंदूर के बाद दूसरी बार अमेरिकी दौरे पर पहुंचे पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर जहर उगलते-उगलते एक बार फिर सच बात कह गए. मुनीर ने कहा कि भारत एक चमचमाती कार है, जबकि पाकिस्तान कबाड़ ढोने वाला डंपिंग ट्रक है. आसिम मुनीर अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के टैम्पा में एक ब्लैक टाई डिनर पार्टी में शामिल हुए थे. इस पार्टी को पाकिस्तानी बिजनेसमैन अदनान असद ने होस्ट किया था.
पाकिस्तान के आर्मी चीफ ने अमेरिका में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जमकर अपनी भड़ास निकाली. मुनीर ने बचकानी हरकत करते हुए धमकी दी है कि अगर भारत की वजह से पाकिस्तान के अस्तित्व पर संकट आता है तो पाकिस्तान आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा. आसिम मुनीर का ये बयान किसी अमेरिका से भारत के खिलाफ पाकिस्तान की पहली धमकी है.
मुनीर ने दी भारत पर मिसाइल से हमले की धमकी
आसिम मुनीर ने सिंधु जल समझौते को सस्पेंड करने पर भारत को धमकी दी. अंग्रेजी वेबसाइट द प्रिंट ने वहां मौजूद सूत्रों के आधार पर बताया कि आसिम मुनीर ने कहा, “हम भारत द्वारा डैम बनाए जाने का इंतजार करेंगे और भारत जब ऐसा कर लेगा तो फिर 10 मिसाइल से फारिग कर देंगे, सिंधु नदी भारत की फैमिली प्रॉपर्टी नहीं है, हमें मिसाइलों की कमी नहीं है.”
इंटरनेट ने ली चुटकी
मुनीर के बयान के बाद X (पूर्व ट्विटर) पर यूज़र्स ने जमकर मज़ाक उड़ाया. एक ने लिखा, सच तो यही है कि भारत मर्सिडीज है और पाकिस्तान डंप ट्रक, बाकी सब ख्वाब हैं. दूसरे ने तंज कसा, कम से कम उन्हें अपनी असलियत पता है. कुछ ने बयान को और सीधा कर दिया, गैरेज का कचरा ट्रक भी खुद को रेस में मान रहा है. एक यूज़र ने तो AI आर्ट का इस्तेमाल करते हुए ‘मर्सिडीज बनाम डंप ट्रक’ टक्कर का काल्पनिक नतीजा भी दिखा दिया.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर अजीब तुलना
लोगों का कहना है कि यह बयान पाकिस्तान की मजबूती दिखाने के लिए था, लेकिन सुनने वालों ने इसे कमजोरी की खुली स्वीकारोक्ति मान लिया. एक ने कहा, गधे को पेंट कर दो, तो वह ज़ेब्रा नहीं बनता. दूसरे ने लिखा, ऐसा बयान सिर्फ एक पाकिस्तानी ही गर्व से अंतरराष्ट्रीय मंच पर दे सकता है.
अमेरिका यात्रा का हिस्सा
असीम मुनीर इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने अमेरिकी राजनीतिक और सैन्य नेताओं से मुलाकात की. टाम्पा में उन्होंने यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रमुख जनरल माइकल कुरिल्ला के रिटायरमेंट और एडमिरल ब्रैड कूपर के चार्ज संभालने के समारोह में भी शिरकत की.
नकवी ने दोहराया मुनीर का बयान
न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन नकवी ने कहा कि सेना प्रमुख ने यह बयान सऊदी प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान यात्रा के दौरान दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्पष्ट सुबूतों के बावजूद भारत द्वारा दागी गई कोई भी मिसाइल पाकिस्तानी ठिकानों पर नहीं गिरी.
भारत ने मार गिराए 6 पाकिस्तानी विमान
भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सात मई 2024 को आपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और गुलाम जम्मू कश्मीर में नौ आतंकी शिविरों को निशाना बनाया गया और 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया गया.
भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने पुष्टि की थी कि भारतीय वायु सेना ने आपरेशन सिंदूर के दौरान छह पाकिस्तानी विमानों को मार गिराया, जिनमें पांच लड़ाकू विमान और एक निगरानी प्लेटफार्म शामिल था. उन्होंने उपग्रह से प्राप्त चित्र भी साझा किए थे, जिसमें पाकिस्तान के हवाई बेड़े और आतंकवादी ढांचे को हुए नुकसान का विवरण दिया गया था.
देश को भारत से अस्तित्व का खतरा हुआ तो वह परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से नहीं हिचकेगा
इस महीने की शुरुआत में, मुनीर ने भारत को फिर से गीदड़भभकी देते हुए कहा था कि अगर भविष्य में उनके देश को भारत से अस्तित्व का खतरा हुआ तो वह परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से नहीं हिचकेगा. भारत ने जवाब में कहा था कि नई दिल्ली परमाणु ब्लैकमेल बर्दाश्त नहीं करेगा.

